UP Election 2022: चुनाव में नहीं लगेगी नगर निगम के अफसरों-कर्मचारियों की ड्यूटी

UP Vidhan Sabha Election 2022 कोरोना संक्रमण के कारण सफाई और छिड़काव कार्य को देखते हुए व‍िधानसभा चुनाव में नगर न‍िगम कर्मचार‍ियों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। शासन ने इस संबंध में ज‍िलाध‍िकार‍ियों को आदेश जारी कर द‍िया है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 24 Jan 2022 10:58 AM (IST) Updated:Mon, 24 Jan 2022 10:58 AM (IST)
UP Election 2022: चुनाव में नहीं लगेगी नगर निगम के अफसरों-कर्मचारियों की ड्यूटी
UP Vidhan Sabha Election 2022: व‍िधानसभा चुनाव में नगर न‍िगम कर्मचार‍ियों की ड्यूटी नहीं लगेगी।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव में नगर निगम के अफसरों और कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। कोरोना संक्रमण रोकने में जुटे नगर निगम के अफसरों व कर्मचारियों को मुख्य सचिव के आदेश से काफी राहत मिली है।

सफाई, सैनिटाइजेशन और दवा बांटने में लगी है सभी की ड्यूटी

चुनावों में नगर निगम के 200 से ज्यादा अफसरों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगती थी। मुख्य सचिव ने आदेश में कहा है कि नगर निगम की ओर से विशेष अभियान चला कर साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन हो रहा है। इसके साथ ही सामुदायिक सर्विलांस, सामुदायिक जागरूकता, संक्रमित व्यक्तियों को मेडिकल किट उपलब्ध कराने, होम आइसोलेशन में रह रहे संक्रमितों के निराश्रित के साधनहीन होने की दशा में उन्हें भोजन उपलब्ध कराने का कार्य नगर निगम कर रहा है। ऐसी स्थिति में कार्य पर असर न पड़े, इसे देखते हुए इन्हें चुनाव की ड्यूटी से अलग रखने व वाहनों को न लेने का आदेश किया गया है।

मतदान कर्मियों को दूसरी डोज लगवाने के तीन माह बाद ही लगेगी बूस्टर डोज

शासन ने मतदान कर्मियों को भी फ्रंटलाइन वर्कर की श्रेणी में शामिल कर लिया है। बूस्टर डोज लगवाने के मामले में उन्हें फ्रंटलाइन वर्करों से भी ज्यादा सुविधा प्रदान की गई है। दूसरी डोज लगवाने के तीन माह बाद ही उन्हें बूस्टर डोज लगाई जा सकेगी। स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्करों व 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को यह डोज नौ माह बाद ही लगेगी। यदि कोई मतदान कर्मी दूसरी डोज लगवाने के बाद संक्रमित हो गया होगा तो उसे संक्रमण से उबरने के तीन माह बाद बूस्टर डोज दी जाएगी।

22500 मतदान कर्मियों को मिलेगा लाभ

इसका लाभ लगभग 22500 मतदान कर्मियों को मिलेगा। सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि सभी बूथों पर वैक्सीनेटर व नोडल अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है कि जिन कर्मियों की ड्यूटी मतदान में लगाई गई है, वे किसी भी विभाग के हों उन्हें दूसरी डोज लगवाने की तिथि के तीन माह पर ही बूस्टर डोज लगा दी जाए। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों से अपील की कि वे बूथों पर जाकर बूस्टर डोज लगवा लें।

chat bot
आपका साथी