Dhanteras 2019 : यहां देखें- धनतेरस पर क्‍या खरीदना है शुभ, कितने बजे से कितने बजे तक है शुभ मुहूर्त Gorakhpur News

Dhanteras 2019 धनतेरस के दिन चांदी या धातु का बर्तन खरीदना शुभ माना गया है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 25 Oct 2019 10:24 AM (IST) Updated:Fri, 25 Oct 2019 01:27 PM (IST)
Dhanteras 2019 : यहां देखें- धनतेरस पर क्‍या खरीदना है शुभ, कितने बजे से कितने बजे तक है शुभ मुहूर्त Gorakhpur News
Dhanteras 2019 : यहां देखें- धनतेरस पर क्‍या खरीदना है शुभ, कितने बजे से कितने बजे तक है शुभ मुहूर्त Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। Dhanteras 2019 दीपावली पांच पर्वों का समुच्‍चय है। जो कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया तक मनाया जाता है। दीपोत्सव का आरंभ कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी (धनतेरस) से ही हो जाता है। इस दिन चांदी या धातु का बर्तन खरीदना शुभ माना गया है।

ज्योतिषाचार्य पं. शरद चंद्र मिश्र, सुजीत कुमार श्रीवास्तव, पं. नरेंद्र उपाध्याय, पं. विवेक उपाध्याय, पं. राकेश पांडेय के अनुसार यह पर्व 25 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस दिन सूर्योदय 6:23 बजे और द्वादशी तिथि सायं 4:31 बजे तक है। इसके बाद त्रयोदशी तिथि सम्पूर्ण रात और दूसरे दिन (26 अक्टूबर) दोपहर बाद 2:09 बजे तक है। इस पूरे दौरान खरीदारी की जा सकती है। इस दिन औदायिक सिद्धि योग है जो समस्त मनोवांछित कार्यों में सफलता प्रदान करने वाला है। भगवान धनवंतरि का जन्म इसी दिन प्रदोष वेला में हुआ था।

खरीदारी का सर्वोत्तम मुहूर्त

25 अक्टूबर

सायं 4:31 से सूर्यास्त 5:37 बजे तक चर वेला।

सायं 5:38 से 7:13 बजे तक लाभ वेला।

रात्रि 7:14 से 8:49 बजे तक अमृत वेला।

रात 10:25 से 12 बजे तक शुभ वेला।

26 अक्टूबर

सुबह 4:48 से 6:24 बजे तक लाभ वेला।

सुबह 7:48 से 9 बजे तक शुभ वेला।

दिन में 12 से 2:09 मिनट तक चर और लाभ वेला।

इस समय करें कुबेर, गणेश व लक्ष्मी पूजन

कुबेर, गणेश व लक्ष्मी पूजन धन त्रयोदशी के दिन व्यापारिक स्थल पर स्थिर लग्न व गोधूलि वेला वृष लग्न में करें, जो सायं 06:33 से 8:30 तक व सिंह लग्न रात्रि 01:01 से 03:15 बजे तक है। इससे पूरे वर्ष लक्ष्मी, गणेश व कुबेरजी की कृपा बनी रहती है।

सारे रिकॉर्ड तोडऩे को तैयार है बाजार

मंदी से जूझ रहे बाजार में धनतेरस पर नई ऊर्जा का संचार होगा। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि बाजार पिछले सारे रिकार्ड को तोडऩे के लिए तैयार है। बर्तन और आभूषण की दुकानों पर हुई सजावट जहां लोगों को आकर्षित कर रही है वहीं कार, बाइक के शोरूम पर जुटी भीड़ देखकर मंदी दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। मोबाइल और टीवी की बिक्री सर्वाधिक होने की उम्मीद है।

बर्तन बाजार में मनचाही रेंज

घंटाघर, रेती, असुरन से लेकर अलीनगर तक शहर के सभी इलाकों में बर्तन की दुकानें सजकर तैयार हैं। थरमस, प्रेशर कूकर, हाट केस से लेकर गिलास, कटोरी और थाली चम्मच की कई रेंज दुकानों में मौजूद है। व्यापारी सैफुल अजीज ने बताया कि ग्राहक उत्साहित हैं। इसको देखकर स्टाक दोगुना कर लिया गया है। कई नए शोरूम भी खुले हैं जहां 100 से अधिक प्रकार के सामान एक छत के नीचे हैं।

सराफा बाजार में कुछ न कुछ सबके लिए

धनतेरस पर सर्वाधिक बिकने वाले चांदी के सिक्कों के साथ इस बार सोने के सिक्कों की भी कई रेंज दुकानों पर मौजूद है। ऐश्प्रा ग्रुप के अतुल सराफ भी मान रहे हैं कि ग्राहक और बाजार का रेस्पांस अ'छा है। डायमंड व गोल्ड का फ्यूजन आकर्षित करेगा। सभी ग्राहकों के लिए कुछ न कुछ उपलब्ध है। चांदी के सिक्के 550 से लेकर 800 रुपये तक के हैं। पूजन के लिए लक्ष्मी, गणेश की चांदी की प्रतिमा व पूजा के लिए चांदी के बर्तन की भी भरपूर मांग है।

हजारों गाडिय़ां डिलीवरी को तैयार

आटोमोबाइल सेक्टर में भी भरपूर उत्साह नजर आ रहा है। बुकिंग को देखते हुए अनुमान है कि गोरखपुर और आसपास के शोरूम में एक से डेढ़ हजार चार पहिया जबकि ढाई से तीन हजार दो पहिया वाहनों की डिलीवरी दी जाएगी। आर्बिट आटोमोबाइल के अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि उनके शोरूम से 150 गाडिय़ों की डिलीवरी दी जानी है, जिसके लिए बिलिंग आज से ही शुरू कर दी गई है। इस महीने करीब 350 गाडिय़ां बेचने का अनुमान है।

आकर्षक ढंग से सजा इलेक्ट्रॉनिक बाजार

इलेक्ट्रॉनिक बाजार भी आकर्षक ढंग से सजा है। शोरूम के बाहर सजाकर रखे उपकरणों के आसपास ग्राहक पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। रेफ्रिजरेटर, टीवी, वाशिंग मशीन, आरओ मशीन, एसी आदि की खूब मांग है। मोबाइल बाजार में भी ग्राहकों का जमावड़ा लगा है। आनलाइन बाजार की चुनौती के बीच भी बाजार में रौनक है। कई ग्राहकों ने एक दिन गुरुवार को ही दुकानों पर जाकर मोबाइल पसंद किया है।

लुभा रहा दीयों का बाजार

बाजार में इस बार आकर्षक दीये मौजूद हैं। असुरन सहित शहर के कई क्षेत्रों में मिट्टी के दीयों की दुकानें ग्राहकों के इंतजार में हैं। लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा की दुकानें भी आकर्षक ढंग से सजी हैं। मिट्टी के आकर्षक गुल्लक बच्‍चों को खूब लुभा रहे हैं।

धनतेरस, दीपावली पर खुली रहेंगी दुकानें

गोरखपुर के जिला मजिस्ट्रेट के. विजयेंद्र पाण्डियन ने जिले के अंतर्गत सभी दुकानों को धनतेरस से लेकर दीपावली (25 से 27 अक्टूबर) तक खोलने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी दुकान या वाणिज्यिक अधिष्ठान की साप्ताहिक बंदी इस बीच पड़ रही है तो भी दुकानें खुली रहेंगी। बंदी आठ नवंबर को रहेगी। 

chat bot
आपका साथी