गोरखपुर से मुंबई के लिए दूसरी फ्लाइट शीघ्र, इंडिगो ने शुरू की तैयारी Gorakhpur News

गोरखपुर से मुंबई के लिए दूसरी उड़ान शीघ्र शुरू होने जा रही है। इंडिगो ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 14 Jan 2020 01:20 PM (IST) Updated:Wed, 15 Jan 2020 11:40 AM (IST)
गोरखपुर से मुंबई के लिए दूसरी फ्लाइट शीघ्र, इंडिगो ने शुरू की तैयारी Gorakhpur News
गोरखपुर से मुंबई के लिए दूसरी फ्लाइट शीघ्र, इंडिगो ने शुरू की तैयारी Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। विमानन कंपनी इंडिगो गोरखपुर से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी में है। इसकी शुरुआत अप्रैल के पहले सप्ताह से होने की उम्मीद है। स्पाइस जेट के दो विमान पहले गोरखपुर से मुंबई जाते थे। ठंड में शेड्यूल बदला तो शाम वाले विमान को जगह नहीं मिल पाई, जिसके चलते इसे बंद कर दिया गया था। इस बीच मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए इंडिगो ने यहां से उड़ान भरने की कवायद शुरू की है।

स्पाइस जेट का एक विमान मुंबई के लिए रोज भरता है उड़ान

31 मार्च, 2019 से स्पाइस जेट का एक विमान रोज मुंबई के लिए उड़ान भरता है। विमान दोपहर बाद 3.15 बजे गोरखपुर से उड़कर शाम 5.25 बजे मुंबई पहुंचता है। मुंबई में स्लॉट मिलने पर कंपनी ने 11 मई से 136 सीटर दूसरी फ्लाइट भी शुरू कर दी, जिसे एक सितंबर को बंद कर दिया गया। यात्रियों की संख्या को देखते हुए अब इंडिगो मुंबई के लिए दूसरी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी में है। एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति मिलने के बाद अप्रैल के पहले सप्ताह से इसकी शुरुआत हो सकती है।

रोजाना उड़ान भरते हैं छह विमान

गोरखपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद व प्रयागराज के लिए रोजाना छह विमान उड़ान भरते हैं। इससे करीब एक हजार लोग सफर करते हैं।

रेलवे की खबरें 

गोरखपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में लगेंगे अतिरिक्त कोच

प्रतीक्षा सूची के यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-सिकंदराबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार 12589 गोरखपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में 15 जनवरी को गोरखपुर से तथा 12590 सिकंदराबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में 17 जनवरी को सिकंदराबाद से शयनयान श्रेणी के एक-एक अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।

भोजीपुरा-पीलीभीत रेलमार्ग पर बढ़ी ट्रेनों की रफ्तार

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में भोजीपुरा-पीलीभीत रेलमार्ग पर अब गाडिय़ां 100 किमी की रफ्तार से चलेंगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार इस रेलमार्ग पर 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चल रही थीं। लेकिन अब इस रूट पर ट्रेनों की गति को बढ़ा दिया गया है।

दो दिन निरस्त रहेगी बहराइच-नेपालगंज रोड पैसेंजर

पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल स्थित नानपारा-नेपालगंज रोड मीटर गेज रेलखंड पर सीमित ऊंचाई के सब-वे बन रहे हैं। निर्माण के लिए इस लाइन पर ब्लाक लिया जाएगा। इसके चलते 14 और 19 जनवरी को 52265-52266 बहराइच-नेपालगंज रोड-बहराइच पैसेंजर ट्रेन निरस्त रहेगी।

कुछ स्टेशनों पर बदला लखनऊ- आगरा इंटरसिटी का समय

रेलवे प्रशासन ने 12180 नंबर की आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी के समय में परिवहन किया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार अब यह ट्रेन टुंडला से सुबह 6.35 बजे से, इटावा से 7.44 बजे से, भरथना से 8.01 बजे से, फफूद से 8.28 बजे से, झिंझक से 8.45 बजे तथा रूरा से 9.01 बजे से छूटेगी। 

chat bot
आपका साथी