Maharajganj News: तेज आंधी से दीवार गिरने से साधु व साध्वी की मौत, एक घायल

घटना पनियरा क्षेत्र के ग्रामसभा विशुनपुरा के बभनौली तिराहे की है। यहां यज्ञ स्थल के पास स्थित मोबाइल टावर की दीवार अचानक आंधी चलने से गिर गई। इस दौरान वहां सो रहे लोगों में से साधु व साध्वी की मौत हो गई।

By Pragati ChandEdited By: Publish:Sat, 21 May 2022 04:01 PM (IST) Updated:Sat, 21 May 2022 04:01 PM (IST)
Maharajganj News: तेज आंधी से दीवार गिरने से साधु व साध्वी की मौत, एक घायल
यज्ञ स्थल के पास स्थित मोबाइल टावर की दीवार गिरने से हुआ हादसा। जागरण-

गोरखपुर, जागरण टीम। महराजगंज जिले के पनियरा क्षेत्र के ग्रामसभा विशुनपुरा के बभनौली तिराहे के यज्ञ स्थल के पास शुक्रवार की रात में मोबाइल टावर की दीवार गिर जाने से एक साधु व एक साध्वी की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय टावर की दीवार के समीप कुछ लोग विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी के चलते दीवार गिरने से यह हादसा हो गया।

यज्ञ स्थल के पास मौजूद मोबाइल टावर की दीवार गिरने से हुआ हादसा: बभनौली तिराहे के समीप शिव मंदिर पर यज्ञ का आयोजन चल रहा है। यज्ञ में शामिल होने के लिए दूर- दूर से श्रद्धालु आए हैं। शुक्रवार की रात यज्ञ स्थल पर मौजूद लोग रामलीला देख रहे थे। इस दौरान टावर के समीप कुछ साधु व साध्वी विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी आ गई। आंधी के चलते पास में मौजूद मोबाइल टावर की दीवार अचानक से भरभरा कर गिर गई। जिससे वहां विश्राम कर रहे साधु सदानंद शर्मा पुत्र राम किशुन शर्मा ग्राम रामपुर खुर्द थाना पनियरा, फूलकुमारी पत्नी श्याम लाल यादव ग्राम पकड़ियार बुज़ुर्ग थाना सिंदुरिया व सुखली उर्फ भगवती पत्नी भद्दी ग्राम अकटहवा थाना कप्तानगंज कुशीनगर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा- तफरी: हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल महराजगंज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने सदानंद शर्मा व फूलकुमारी को मृत घोषित कर दिया। सुखली उर्फ भगवती का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सीओ सदर अजय सिंह चौहान ने बताया कि घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोबाइल टावर की दीवार गिरने से यह हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी