Coronavirus Lockdown : लॉकडाउन में फंसा पुत्र तो बेटी ने निभाया बेटे का धर्म, मां को दी मुखाग्नि Gorakhpur News

Coronavirus Lockdown लॉकडाउन की वजह से हैदराबाद में फंसे होने के कारण बेटा नहीं पहुंच पाया तो पुत्री प्रियंका ने मां को मुखाग्नि दी।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 14 Apr 2020 03:30 PM (IST) Updated:Wed, 15 Apr 2020 07:57 AM (IST)
Coronavirus Lockdown : लॉकडाउन में फंसा पुत्र तो बेटी ने निभाया बेटे का धर्म, मां को दी मुखाग्नि Gorakhpur News
Coronavirus Lockdown : लॉकडाउन में फंसा पुत्र तो बेटी ने निभाया बेटे का धर्म, मां को दी मुखाग्नि Gorakhpur News

कुशीनगर, जेएनएन।  Coronavirus Lockdown : गरीबी व तंगहाली के बीच मां का चला जाना प्रियंका शर्मा पर विपत्ति का पहाड़ टूटने जैसा है। दो वर्ष पूर्व सिर से पिता सुरेश शर्मा का साया उठ गया तो मां आरती दु:खों को भूलकर तीनों बच्चों की देखभाल में जुट गई। तंगहाली दूर करने के लिए उनके पुत्र राममिलन हैदराबाद कमाने के लिए चले गए। मंगलवार की सुबह अचानक मां आरती की मौत हो गई। लॉकडाउन की वजह से हैदराबाद में फंसे होने के कारण वह मां का अंतिम दर्शन नहीं कर पाए और पुत्री प्रियंका ने मां को मुखाग्नि दी। 

दाे वर्ष पहले हो गई थी पिता की मौत

विकास खंड कप्तानगंज के मंसूरगंज के रहने वाले राममिलन के पिता सुरेश की मौत दो वर्ष पूर्व बीमारी की वजह से हो गई थी। उनके इलाज में परिवार की आर्थिक स्थिति जर्जर हो गई। पति की मौत के बाद पुत्री पूजा, प्रियंका व पुत्र राममिलन के भरण-पोषण का भार आरती के सिर पर आ गया था। बड़ी बेटी पूजा के हाथों को पीला कर उन्होंने विदा कर दिया था। तंगहाली से परेशान राममिलन हैदाराबाद कमाने चले गए। मां के साथ घर पर रह रही प्रियंका ज्ञानोदय इंटरमीडिएट काॅलेज में कक्षा 12 की छात्रा है। मंगलवार को आरती की मौत के बाद लोगों की मदद से अंतिम संस्कार की व्यवस्था की गई। भाई के मौजूद न होने की वजह से प्रियंका ने मुखाग्नि देकर मां को अंतिम प्रणाम किया।

प्रशासन एकत्र करवा रहा है जानकारी

लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों का जिला प्रशासन डाटा तैयार करा रहा है। इसके बाद केंद्र व राज्य सरकार से संबंधित अपडेट जानकारी उनके मोबाइल पर भेजी जाएगी। जिलाधिकारी के.विजयेन्द्र पाण्डियन ने बताया कि सभी तहसीलों से डाटा एकत्र किया जा रहा है। इसमें प्रधानों व पार्षदों की भी मदद ली जा रही है। जो बाहर फंसे हैं वह धैर्य रखें। जिला प्रशासन उनकेसाथ है। डीएम ने बताया कि जिनका नंबर फीड हो चुका है उन्हें एसएमएस भेजा जा रहा है। उनसे अपील की जा रही है कि वह घर में ही रहें, बाहर न निकलें। मेडिकल या राशन की जरूरत हो तो एसएमएस के जरिये ही बताएं। तहसील सदर में दो सौ से अधिक लोगों की सूची तैयार हो चुकी है। बाकी तहसीलों से भी नाम आ रहे हैं। सभी नाम आने के बाद सूची से एसएमएस फार्मेट तैयार किया जाएगा।

मंगलवार से लॉकडाउन बढऩे की भी स्थिति में मंडल और जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। चारो जिलों की टीम पूरी समर्पण से लगी हुई है। कहीं कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। लोगों से अपील है कि जो केंद्र व राज्य सरकार के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें। - जयंत नार्लिकर, मंडलायुक्त। 

chat bot
आपका साथी