यूपी युवनाव 2022 : शहर के लोगों से बतौर प्रत्याशी संवाद करेंगे सीएम योगी

UP Chunav 2022 योगी आदित्‍यनाथ पहली बार विधानसभा चुनाव में उम्‍मीदवार के तौर पर लोगों से मिलेंगे। और अपने पक्ष में मतदान करने के लिए अपील करेंगे। इससे पहले वह सांसद का चुनाव लड़ते रहे हैं। उनके विधानसभा का चुनाव लड़ने को पार्टी तैयारी में जुट गई है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Mon, 24 Jan 2022 08:18 PM (IST) Updated:Mon, 24 Jan 2022 08:18 PM (IST)
यूपी युवनाव 2022 : शहर के लोगों से बतौर प्रत्याशी संवाद करेंगे सीएम योगी
गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे सीएम योगी आदित्‍यनाथ। प्रतीकात्‍मक फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री के तौर पर तो योगी आदित्यनाथ गोरखपुर की अपनी हर यात्रा में शहर के लोगों मिलते ही रहते हैं, पर बहुत जल्द वह प्रत्याशी के रूप में मिलने वाले हैं। गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद लोगों से उन्हें मिलाने और संवाद कराने की जिम्मेदारी भाजपा की महानगर टीम ने ली है। महानगर के पदाधिकारियों ने इसके लिए एक योजना भी तैयार कर ली है। साथ ही उसके क्रियान्वयन में जुट गई है।

महानगर टीम तैयार कर रही है पेशावार व समाजवार लोगों की सूची

महानगर टीम इसके लिए पेशावार और समाजवार लोगों की सूची तैयार कर रही है ताकि विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले किसी भी वर्ग का कोई भी व्यक्ति मुख्यमंत्री की पहुंच से दूर न रह जाए। पेशावार तैयार हो रही सूची में शहर के वकीलों, चिकित्सकों, शिक्षकों, इंजीनियरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को शामिल किया जा रहा है जबकि समाजवार सूची में सिंधी समाज, बंगाली समाज, पंजाबी समाज, मारवाड़ी समाज, वैश्य समाज, कायस्थ समाज, निषाद समाज, चौहान समाज आदि के लोगों को संजाेने का प्रयास किया जा रहा है।

हर पेशे व समाज की सूची में 150 से 200 लोग

हर पेशे व समाज की सूची मेें 150 से लेकर 200 लोगों को शामिल किया जा रहा है। सूची में हर पेशे व समाज के प्रमुख लोगों को शामिल करने के लिए भाजपा टीम उनका सहयोग ले रही है, जो उस पेशे व समाज का सदस्य होने के साथ-साथ पार्टी से पहले से जुड़े हुए हैं। पार्टी के मुताबिक सभी से मुख्यमंत्री बारी-बारी से आफलाइन या आनलाइन मोड में संवाद करेंगे और उन्हें बतौर मतदाता साधेंगे। संवाद का क्रम क्या होगा, इसे महानगर टीम मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद तय करेगी।

रिकार्ड मतों से जीताने की हो रही है कोशिश

भाजपा के महानगर अध्‍यक्ष राजेश गुप्‍त ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शहर विधानसभा क्षेत्र से रिकार्ड मतों से जिताने के लिए भाजपा हरसंभव कोशिश कर रही है। इसी क्रम में पेशावार और समाजवार लोगों की सूची तैयार की जा रही है, जिससे उनके और मुख्यमंत्री के बीच चुनाव की दृष्टि से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा सके। सूची काफी हद तक तैयार की जा चुकी है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जल्द संवाद का कार्यक्रम शुरू होगा।

chat bot
आपका साथी