सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, युद्धस्तर पर करें लोकसभा चुनाव की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर क्षेत्र की आठ लोकसभा क्षेत्रों की भाजपा संचालन समिति की बैठक में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों के लिए जुट जाएं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 31 Jan 2019 05:51 PM (IST) Updated:Fri, 01 Feb 2019 09:26 AM (IST)
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, युद्धस्तर पर करें लोकसभा चुनाव की तैयारी
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, युद्धस्तर पर करें लोकसभा चुनाव की तैयारी

गोरखपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में जोश भरने और इसे लेकर राजनीतिक समीकरण बैठाने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ लोकसभा क्षेत्रों की भाजपा संचालन समिति की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने क्रमवार सभी संचालन समितियों के सदस्यों से उनके लोकसभा क्षेत्र में चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की चर्चा की, साथ ही वहां के सामाजिक और राजनीतिक समीकरण पर विचार-विमर्श किया। समिति के सदस्यों में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के लिए वह युद्ध स्तर पर जुट जाएं।

बैठक की शुरुआत बलिया संसदीय क्षेत्र के संचालन समिति की बैठक के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने समिति के सदस्यों से बूथ लेबल तैयारियों का जायजा लिया और फिर पन्ना प्रमुखों के प्रयास की जानकारी ली। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन के बाद क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक समीकरण के बारे सदस्यों से पूछा। मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की प्रगति की भी समीक्षा की।

बैठक का सिलसिला सलेमपुर, आजमगढ़, लालगंज, घोसी, देवरिया, बांसगांव लोकसभा क्षेत्र से होते हुए गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र पर पहुंच कर समाप्त हुआ। मुख्यमंत्री योगी ने आठ फरवरी को महराजगंज में होने वाले बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन और 23-24 फरवरी को गोरखपुर में होने वाले भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी भी ली। इस अवसर पर प्रदेश के सह प्रभारी सुनील भाई ओझा, क्षेत्रीय प्रभारी पंकज सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय मंत्री संगठन रत्नाकर के अलावा संबंधित लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, लोकसभा प्रभारी व संयोजक आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी