सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सुनी फरियाद, समस्याें के समाधान का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मन्दिर में जनता दरबार लगाया। इस दौरान वह गोरखपुर व आसपास के जिलों से आये करीब 100 फरियादियो से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 08 Feb 2019 11:26 AM (IST) Updated:Fri, 08 Feb 2019 11:26 AM (IST)
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सुनी फरियाद, समस्याें के समाधान का दिया आश्वासन
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सुनी फरियाद, समस्याें के समाधान का दिया आश्वासन

गोरखपुर, जेएनएन। दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मन्दिर स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाया। इस दौरान वह गोरखपुर व आसपास के जिलों से आये करीब 100 फरियादियो से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। समस्या सुनने के दौरान उन्होंने फरियादियों को समाधान के लिए आश्वस्त किया, साथ ही इस बाबत अधिकारियों को निर्देश भी दिया।

इससे पहले शुक्रवार की सुबह मुख्यमंत्री की दिनचर्या परम्परागत रही। सुबह पांच बजे वह अपने आवास से निकले और  बाबा गोरखनाथ के दरबार में पहुंच गए। वहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा की पूजा-अर्चना की। इसी क्रम में योगी अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पहुंचे और पुष्प चढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया।

आधा घंटा गोशाला में रहकर उन्होंने गायों को गुड़़-चना खिलाया और उसके बाद करीब सात बजे उन फरियादियों के बीच पहुंच गए,  जो तड़के से मन्दिर परिसर में इसलिए डेरा डाले हुए थे कि अपनी समस्या सीधे मुख्यमंत्री से कह सकें। मुख्यमंत्री ने भी एक-एक फ़रियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया। समस्या समाधान में लापरवाही बरतने वाले अफसरों और कर्मचारियों को दंडित करने की बात भी उन्होंने कही। जनता दरबार का सिलसिला करीब 45 मिनट चला। मुख्यमंत्री दोपहर में महराजगंज के लिए रवाना होंगे, जहां उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ पार्टी के बूथ पदाधिकारियों के सम्मेलन में हिस्सा लेना है। महराजगंज से ही मुख्यमंत्री जौनपुर चले जायेंगे।

chat bot
आपका साथी