पूर्वांचल के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का आज हवाई निरीक्षण करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Aerial Survey of CM Yogi Adityanath in Gorakhpur मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर से बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। गोरखपुर से लखनऊ जाते समय वह गोरखपुर संतकबीरनगर बस्ती अंबेडकरनगर गोंडा अयोध्या और बाराबंकी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 23 Sep 2022 12:44 AM (IST) Updated:Fri, 23 Sep 2022 04:58 AM (IST)
पूर्वांचल के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का आज हवाई निरीक्षण करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करते सीएम योगी आदित्यनाथ। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की सुबह बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। महाराणा प्रताप पालिटेक्निक परिसर के हेलीपैड से सुबह 9.30 बजे राजकीय हेलीकाप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे और रास्ते में गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, अंबेडकरनगर, गोंडा, अयोध्या और बाराबंकी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री के निरीक्षण को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

गोरखपुर में प्रभावित हैं 46 गांव, आवागमन के लिए लगाई गईं 40 नावें

गोरखपुर में पिछले कुछ दिनों से खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू एवं राेहिन नदियों का जलस्तर खतरे के बिन्दु से नीचे आ चुका है। गुरुवार की शाम सरयू, राप्ती व रोहिन तीनों नदियों के जलस्तर में कमी दर्ज की गई है। जिले में करीब 46 गांव प्रभावित हैं। इनमें से 41 गोला तहसील में जबकि पांच खजनी तहसील के गांव हैं। इन गांवों में आवागमन के लिए 40 नाव लगाई गई है।

खतरे के निशान से नीचे आया सरयू व रोहिन नदियों का जलस्तर

गुरुवार की शाम चार बजे अयोध्या पुल के पास सरयू नदी का जलस्तर 92.62 मीटर रिकार्ड किया गया। यह नदी खतरे के निशान से 11 सेमी नीचे आ चुकी है। जलस्तर में गिरावट जारी है। इसी तरह रोहिन नदी का जलस्तर 81.98 मीटर रिकार्ड किया गया। यह नदी खतरे के निशान से 46 सेमी नीचे आ चुकी है। जलस्तर लगातार कम हो रहा है। राप्ती नदी खतरे के निशान को नहीं छू सकी थी। सुबह तक बढ़ने के बाद नदी के जलस्तर में कमी होने लगी है। नदी का जलस्तर 74.44 मीटर रिकार्ड किया गया।

बाढ़ राहत के लिए स्वीकृत हुए 12.61 करोड़ रुपये

गोरखपुर जिले में बाढ़ से प्रभावित गांवों में राहत कार्यों के लिए 12.61 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। जिले में अब तक 17 हजार 791 लोग प्रभावित हुए हैं। सतर्कता की दृष्टि से चार मेडिकल टीमों को सक्रिय रखा गया है। इन टीमों के पास पर्याप्त मात्रा में दवा, ओआरएस, एंटी स्नेक वेनम एवं क्लोरीन गोली उपलब्ध है। अब तक 482 लोगों का उपचार किया जा चुका है। लोगाें की सुविधा के लिए जिला आपदा कार्यालय में बाढ़ कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। 24 घंटे सक्रिय रहने वाले इस कंट्रोल रूम में संबंधित विभागाें के कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों के साथ पीआरडी जवानों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

आज बदला रहेगा जनता दर्शन का स्थान

मुख्यमंत्री का जनता दर्शन कार्यक्रम शुक्रवार की सुबह सात बजे से होगा। इस बार स्थान बदला होगा। अब तक जनता दर्शन हिन्दू सेवाश्रम भवन व यात्री निवास में होता रहा है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार शुक्रवार को दिग्विजयनाथ सभागार के परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम होगा।

chat bot
आपका साथी