बस्‍ती में बोले भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की लड़ाई से आया बदलाव

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन जनवरी को यहां आयोजित जनसभा में सपा पर काफी हमलावर दिखे तो बसपा और कांग्रेस को भी निशाने पर रखा। कहा भाजपा के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की लड़ाई का व्यापक असर देखने को मिल रहा है।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Mon, 03 Jan 2022 06:14 PM (IST) Updated:Mon, 03 Jan 2022 06:14 PM (IST)
बस्‍ती में बोले भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की लड़ाई से आया बदलाव
सक्सेरिया इंटर कालेज मैदान में जनविश्वास यात्रा के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा। जागरण

गोरखपुर, एसके सिंह। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन जनवरी को यहां आयोजित जनसभा में सपा पर काफी हमलावर दिखे तो बसपा और कांग्रेस को भी निशाने पर रखा। कहा भाजपा के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की लड़ाई का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। जो याचमन करना नहीं जानते थे वो बड़े टीके लगा कर घूम रहे हैं। ईद और बकरीद पर सफेद टोपी लगाने वाले मंदिर में घंटी बजा रहे हैं। कहा भाजपा जनविश्वास के सहारे आगे बढ़ रही है। हमारे लिए सत्ता सुख और आराम भोगने का साधन नहीं है।

वैचारिक परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही है भाजपा

भाजपा वैचारिक परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही है। हमने जितने भी वादे किए थे,उसे पूरा किया। सरकार की जन विश्वास पर खरा उतरने के प्रयासों को आगे बढ़ाने की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर है। उत्तर प्रदेश को एक मजबूत प्रदेश बनाने के लिए काम के आधार पर वो गांव-गांव और घर-घर जाएं। वोटरों को जोड़ने में अहम भूमिका का निर्वहन करते हुए विश्वास का सेतु बनें।

जन विश्‍वास यात्रा के समापन पर जनसभा को किया संबोधित

राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमवार को यहां सक्सेरिया इंटर कालेज के परिसर में जनविश्वास यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्रमोदी के कुशल मार्गदर्शन और योगी की तपस्या से उत्तर प्रदेश तेजी से विकास पथ पर बढ़ रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है। गैर भाजपा के शासनकाल में सात सौ दंगे हुए थे जबकि योगी की सरकार में एक भी दंगे नहीं हुए। माताएं और बहने पहले सुरक्षित नहीं थी। अब रात के बारह बजे सड़कों पर बेफिक्र होकर घूम रही हैं। कानून का राज स्थापित होने के बाद माफिया भूमिगत हो गए हैं।

बिजली के लिए रुलाने वाले कर रहे फ्री बिजली का वादा

युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के लिए योजनाओं और कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए उन्होंने भीड़ के बीच तमाम सवाल उछाले। कहा रामभक्तों पर गोली किसने चलवाई थी। गंगा किनारे संतो पर लाठी किसने चलवाई। राम मंदिर बनने में सबसे बड़ा बाधक कौन था। यह बात भूलने वाली नहीं है। इसे याद रखिएगा। बिजली के लिए रूलाने वाले फ्री बिजली देने की बात कर रहे हैं।

किसानों की समृद्धि के लिए पीएम मोदी ने उठाए महत्‍वपूर्ण कदम

नड्डा ने कहा कि देश और प्रदेश में तमाम किसान नेता थे लेकिन किसानों के हित में किसी ने नहीं सोचा। किसानों को समृद्ध बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमाम कदम उठाए। पहले कृषि का बजट 22 हजार करोड़ था। आज यह बढ़कर एक लाख 23 हजार करोड़ हो गया है। किसानों को पेंशन देने से लेकर खेती तक में तमाम सहूलियतें दी गई है। 2400 रुपये की खाद की बोरी अब 1200 रुपये में मिल रही है।

मायावती ने 21 व अखिलेश ने बंद कराई 14 चीनी मिलें

गन्ने की खेती को लेकर राजनीति की जाती थी मायावती की सरकार में 21 चीनी मिलें बेंच दी गई जबकि 18 को बंद कर दिया गया। अखिलेश की सरकार में 11 चीनी मिलें बंद कर दी गईं। यह रिपोर्ट देखकर किसान हितैषी होने का ढिंढोरा पीटने वाले नेताओं की बोलती बंद हो गई है। योगी की सरकार में तीन नई चीनी मिलें चालू की गई। 59 एथेनाल की इकाईयां चल रही हैं। प्रदेश में 67 लाख गन्ना किसान हैं। एक लाख 40 हजार करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया। इसमें से 1100 करोड़ तो अखिलेश सरकार का ही बकाया था।

chat bot
आपका साथी