Gorakhpur Vaccination: गोरखपुर में टीकाकरण बढ़ाने के लिए ''इलेक्शन माडल'' अपनाएगा प्रशासन Gorakhpur News

जिले में धीरे-धीरे टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अभी जिले में करीब 10 से 12 हजार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। इसी महीने प्रशासन यह संख्या बढ़ाकर 25 हजार प्रतिदिन करने की कोशिश करेगा।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 04:11 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 04:11 PM (IST)
Gorakhpur Vaccination: गोरखपुर में टीकाकरण बढ़ाने के लिए ''इलेक्शन माडल'' अपनाएगा प्रशासन Gorakhpur News
टीकाकरण के संबंध में डाक्‍टर की फाइल फोटो, जेएनएन।

गोरखपुर, जेएनएन। जिले में टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ''इलेक्शन माडल'' अपनाएगा। जिस तरह से राजनीतिक पार्टियां बूथवार मतदाता सूची के जरिए लोगों का समर्थन जुटाती हैं, उसी तरह जिला प्रशासन भी बूथवार मतदाता सूची का प्रयोग लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने के लिए करेगा। सूची में शामिल सभी लोग 18 साल से ऊपर के होते हैं। इन लोगों से व्यक्तिगत संपर्क कर कहा जाएगा कि वे टीका लगवा लें। टीका किस केंद्र पर लग रहा है, इसकी जानकारी भी दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन का अधिक जोर होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 30 लाख मतदाता हैं जबकि जिले में मतदाताओं की संख्या करीब 38 लाख है।

जिले में धीरे-धीरे टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अभी जिले में करीब 10 से 12 हजार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। इसी महीने प्रशासन यह संख्या बढ़ाकर 25 हजार प्रतिदिन करने की कोशिश करेगा। जिले में 30 फीसद लोगों को जल्द से जल्द टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए

इस लक्ष्य को पाने के प्रयास में प्रशासन जुटा है। प्रशासन का मानना है कि मतदाता सूची का प्रयोग करने से काफी सुविधा हो सकेगी और लक्ष्य को पूरा किया जा सकेगा। जिले में करीब 30 निजी अस्पतालों को टीकाकरण केंद्र बनाने की भी कोशिश की जा रही है। जिससे आर्थिक रूप से सक्षम लोग वहां टीका लगवा सकें। निजी चिकित्सालयों में अलग से टीका लगाने से जिले में टीकाकरण को गति मिलेगी। हालांकि अभी तक केवल तीन निजी अस्पतालों ने अपने यहां टीका लगाने की व्यवस्था की है।

इस महीने 10 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य

प्रदेश सरकार ने जून महीने में करीब एक करोड़ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। जिला प्रशासन ने जिले में इस महीने 10 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रतिदिन 25 हजार लोगों को टीका लगाने की कोशिश होगी। जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन का कहना है कि जिले में टीकाकरण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस महीने करीब 10 लाख लोगों को टीका लगाना है। आगे इसे और बढ़ाया जाएगा। इसके लिए इलेक्शन माडल को अपनाया जाएगा। बूथवार मतदाता सूची के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी