UP Panchayat Election 2021: आरक्षण सूची पर तीन दिन में 326 आपत्तियां, कल तक ही कर सकेंगे आपत्ति

UP Panchayat Election 2021 गोरखपुर में आरक्षण आवंटन सूची पर तीन दिनों में 326 आपत्तियां पंचायती राज विभाग को मिली हैं। इनमें से 181 ने जिले पर जबकि 145 ने ब्लाक मुख्यालयों पर आरक्षण सूची पर सवाल उठाते हुए आवेदन दिया है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 10:50 AM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 03:13 PM (IST)
UP Panchayat Election 2021: आरक्षण सूची पर तीन दिन में 326 आपत्तियां, कल तक ही कर सकेंगे आपत्ति
गोरखपुर की आरक्षण सूची पर तीन दिन में 326 आपत्तियां आ चुकी हैं। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत वार्ड, क्षेत्र पंचायत वार्ड, ग्राम पंचायत वार्ड एवं ग्राम पंचायत प्रधान पद की आरक्षण आवंटन सूची पर तीन दिनों में 326 आपत्तियां पंचायती राज विभाग को मिली हैं। इनमें से 181 ने जिले पर जबकि 145 ने ब्लाक मुख्यालयों पर आरक्षण सूची पर सवाल उठाते हुए आवेदन दिया है। विभागीय अधिकारियों का अनुमान है कि कुछ आपत्तियां ब्लाक व जिला मुख्यालय, दोनों स्थानों पर मिल रही हैं।

आपत्ति करने की कल अंतिम तिथि

जिला प्रशासन ने पंचायत चुनाव के चार पदों के लिए आरक्षण आवंटन दो मार्च की शाम को जारी किया था। आपत्ति करने के लिए चार से आठ मार्च का समय दिया गया है। इसके लिए जिलाधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय एवं ब्लाक मुख्यालयों पर व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर विभाग की ओर से कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गई है। आपत्ति लेकर आने वाले लोगों से आपत्ति प्राप्त कर रिसीविंग दी जा रही है। हर आपत्ति को एक रजिस्टर पर दर्ज किया जा रहा है। तीन दिनों में ब्रह्मपुर में 20, उरुवा में 16, बड़हलगंज में 18, सरदारनगर में आठ, चरगांवा में पांच, गोला में नौ, पाली में चार, बेलघाट में नौ, गगहा में 15, भरोहिया में सात, भटहट में 14, कौड़ीराम में 11, जंगल कौड़िया में आठ व पिपराइच में एक आपत्ति मिली है।

पूरी है निस्तारण की तैयारी

आपत्तियों के निस्तारण की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। नौ मार्च को सभी ब्लाकों से आपत्तियां जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय पर मंगायी जाएंगी। उसी दिन से निस्तारण भी होगा। निस्तारण के दौरान आपत्ति जताने वालों को बुलाया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग करायी जाएगी।

आपत्तियां आने का सिलसिला जारी है। अबतक करीब 326 आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। आठ मार्च तक आपत्ति की जा सकेगी, उसके बाद निस्तारण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। - हिमांशु शेखर ठाकुर, जिला पंचायत राज अधिकारी।

chat bot
आपका साथी