ई-रिक्शा ने सुविधा से अधिक बढ़ा दी जाम की समस्या

इतना ही नहीं मनमाना किराया लेकर लोगों की जेब काट रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Jul 2022 04:01 AM (IST) Updated:Mon, 04 Jul 2022 04:01 AM (IST)
ई-रिक्शा ने सुविधा से अधिक बढ़ा दी जाम की समस्या
ई-रिक्शा ने सुविधा से अधिक बढ़ा दी जाम की समस्या

ई-रिक्शा ने सुविधा से अधिक बढ़ा दी जाम की समस्या

जागरण संवाददाता, गाजीपुर : ई-रिक्शा की वजह से लोगों की सुविधाएं तो बढ़ी हैं, लेकिन उससे कहीं अधिक जाम की समस्या बढ़ गई है। शहर में लोगों को आने-जाने में मुसीबत ज्यादा हो रही है। पहले इनकी संख्या कम थी, लेकिन अचानक इतनी तेजी से बढ़ी कि नगर की सड़कों पर सिर्फ ई-रिक्शा ही नजर आते हैं। शहर में ट्रैफिक जाम और एक्सीडेंट का कारण भी बन रहा है ई-रिक्शा। इतना ही नहीं मनमाना किराया लेकर लोगों की जेब काट रहे हैं।

ई-रिक्शा के लिए कोई स्टैंड निर्धारित नहीं होने से जहां मन करें वहीं खड़ी कर सवारी बैठाने लगते हैं। मानक के अनुरूप चार सवारी बैठाना है, लेकिन इसका कहीं अनुपालन नहीं हो रहा है। आठ-आठ लोगों को बैठाकर फर्राटा भरते हैं। ई-रिक्शा माल वाहक की तरह प्रयोग नहीं करना है, लेकिन शहर में बेतरतीब ढंग से ओवरलोड घूमते रहते हैं। कभी-कभी तो बड़े-बड़े पाइप लेकर भी आते-जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

न के बराबर होती कार्रवाई

: शहर के महुआबाग चौराहा, विशेश्वरगंज चौराहा, मिश्र बाजार तिराहा, लंका तिराहा, रौजा तिराहा, जमानियां मोड़ तिराहा सहित लगभग सभी चौराहे और तिराहे पर यातायात पुलिस तैनात रहती है, लेकिन इनकी नजर ई-रिक्शा पर नहीं पड़ती, यही कारण है कि इनकी मनमानी और बढ़ गई है। परिवहन विभाग भी बड़े-बड़े वाहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई तो करती है, लेकिन ई-रिक्शा पर इनका भी ध्यान नहीं है।

जाम का कारण बनते हैं ई-रिक्शा चालक

: नगर में पांच सौ से अधिक ई-रिक्शा पूरे दिन घूमते रहते हैं। यह सिर्फ जाम का कारण बनते हैं, बल्कि बेतरतीब चलने से एक्सीडेंट भी होता रहता है। सबसे अधिक परेशानी मिश्र बाजार से लेकर नवाबगंज तक वाले मार्ग पर होती है। यह प्रमुख बाजार होने के साथ ही यहां रास्ता भी काफी सकरा है। यहां बाजार करने वालों की भीड़ तो रहती ही है, लेकिन बेतरतीब ई-रिक्शा चलाने से पूरे दिन जाम लगा रहता है। पूरे रास्ते को घेर कर यही चलते हैं और इसका विरोध करने पर उल्टा आम लोगों से भिड़ जाते हैं।

--------------------

कुछ दिन पहले ही हमने इनके विरुद्ध अभियान चलाया था। इनका रूट व स्टैंड निर्धारित नहीं होने से परेशानी ज्यादा है। इस पर हम विचार कर रहे हैं, शीघ्र ही इस समस्या का भी निस्तारण कर दिया जाएगा। मनमाने व बेतरतीब तरीके से ई-रिक्शा चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

- सुशील मिश्रा, प्रभारी यातायात निरीक्षक।

chat bot
आपका साथी