पोखरे में डूबा बालक, मौत

By Edited By: Publish:Sat, 30 Aug 2014 08:39 PM (IST) Updated:Sat, 30 Aug 2014 08:39 PM (IST)
पोखरे में डूबा बालक, मौत

देवकली (गाजीपुर) : सैदपुर थाना क्षेत्र के मुर्तजीपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के बगल में शनिवार के तीसरे पहर पोखरे में स्नान करते समय संतोष चौहान (नौ) डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। करीब घंटे भर बाद ग्रामीणों ने उसके शव को बाहर निकाला। बालक की मौत से घर में कोहराम मच गया।

मुर्तजीपुर निवासी रामनाथ का पुत्र संतोष गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता था। दोपहर में छुट्टी के बाद वह घर चला गया। झोला रखने के बाद तीसरे पहर करीब तीन बजे वह विद्यालय के बगल में पोखरे में स्नान करने लगा। आधे घंटा तब वह स्नान करता रहा। उसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। यह देख पोखरे के आसपास मौजूद लोग शोर मचाने लगे।

मौके पर पहुंचे ग्रामीण ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक बालक की मौत हो गई। बेटे के डूबने की खबर सुनने के बाद घर के लोग भी पोखरे के पास पहुंच गए और दहाड़े मारकर रोने लगे। नम आंखों से बालक का अंतिम संस्कार किया गया।

गांव में पसरा सन्नाटा

संतोष की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों रामनाथ के घर पहुंचकर ढांढ़स बंधा रहे थे। परिवार के लोग उस समय को कोस रहे थे जब संतोष तालाब में नहाने गया।

chat bot
आपका साथी