विद्युत कटौती ने उड़ाया लोगों का चैन

By Edited By: Publish:Wed, 20 Aug 2014 07:39 PM (IST) Updated:Wed, 20 Aug 2014 07:39 PM (IST)
विद्युत कटौती ने उड़ाया लोगों का चैन

गाजीपुर : बिजली विभाग लोगों का दम निकाल रहा है। घोषित शेड्यूल की धज्जियां उड़ रही हैं। आपूर्ति का कोई समय नहीं रह गया है। शाम छह से रात 12 बजे तक नाममात्र आपूर्ति होती है। आपात कटौती और लोकल फाल्ट से लोगों की नींद हराम होती है। मंगलवार की रात एक बजे बिजली आने के कुछ ही देर बाद चली गई। भोर में करीब तीन बजे दोबारा आपूर्ति चालू हुई। बुधवार को बिजली का वही रवैया रहा।

सादात : नगर में मात्र तीन-चार घंटे आपूर्ति होने से नागरिक परेशान हैं। दिन में 11 से चार व रात में 11 से चार बजे तक आपूर्ति का रोस्टर है लेकिन दिन में दो-तीन घंटे व रात में एक घंटे ही आपूर्ति हो रही है। बहरियाबाद : पखवारे भर में दिन में मात्र तीन घंटे आपूर्ति मिलने से लोगों का गर्मी के कारण जीना मुहाल हो गया है।

करंडा : चोचकपुर उपकेंद्र पर करंडा फीडर से उपभोक्ताओं को मात्र दो घंटे आपूर्ति हो रही है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है। राजेश सिंह, विनीत दुबे, आजम खान, अशोक यादव, धर्मदेव पाल ने बताया कि जल्द ही आपूर्ति सुधार नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

रात में महज दो घंटे आपूर्ति

मुहम्मदाबाद : नगर सहित पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति मंगलवार को दोपहर दो बजे से पूरी रात बाधित रही। नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर इनकमिंग नंबर दो के ब्लास्ट करने से नगर की आपूर्ति ठप हो गई। इसी बीच कुंडेसर से मुहम्मदाबाद उपकेंद्र पर आने वाली 33 हजार लाइन में खराबी आने से सब स्टेशन से होने वाली आपूर्ति ठप हो गई। विभागीय लाइनमैन ने पेट्रोलिंग कर 33 हजार लाइन की जांच की।

शाम सात बजे मरम्मत कार्य शुरू हुआ। रात 10 बजे जब इनकमिंग बनकर दुरूस्त हुई तो मेन आपूर्ति बंद हो गई। रात सवा 12 बजे बिजली की आपूर्ति शुरू हुई जो एक घंटे के बाद बंद कर दी गई। वहीं फिर चार बजे भोर में आई बिजली महज एक घंटे रही। दोपहर से रात भर बिजली गुल होने से लोग काफी परेशान रहे। रात में अधिकतर लोग उमस भरी गर्मी के चलते सो नहीं सके। बच्चे गर्मी में बिलखते रहे।

अवर अभियंता पन्ना लाल ने बताया कि खराबी तो ठीक कर ली गई लेकिन कंट्रोल से आपूर्ति बंद करने से यह समस्या पैदा हुई। बताया कि 48 घंटा तक इस तरह की समस्या रहने की उम्मीद है।

सैदपुर : रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं हो रही है। दिन में तो तीन-चार घंटे बिजली मिल भी जा रही है, रात में आने-जाने का पता ही नहीं चल रहा। रात में एक बजे या दो बजे बिजली आ रही है और एक घंटे बाद ही कट जा रही है। नगर निवासी रमेशचंद्र बरनवाल, राजू जायसवाल, रत्‍‌नेश आदि का कहना है कि बिजली के बिना अच्छे दिन की उम्मीद बेमानी है।

समस्या से नहीं मिल रही निजात

महराजगंज : क्षेत्र में चौबीस घंटे में मात्र चार से पांच घंटे ही आपूर्ति हो रही है। निजी साधनों से फसलों की सिंचाई करने को विवश किसानों का कहना है कि विभाग अगर रवैया नहीं सुधारेगा तो आंदोलन किया जाएगा।

माह भर में तीन बार जला ट्रांसफार्मर

मुहम्मदाबाद : करीमुद्दीनपुर बाजार में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर माह भर में तीन बार फुंक चुका है। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। प्रमोद पांडेय, अशोक कुमार, राकेश राय, अवधेश आदि ने बताया कि मरम्मत के बाद लगने वाले ट्रांसफार्मर के ही दुरुस्त न होने से यह स्थिति बन रही है। शादियाबाद : क्षेत्र के मुक्ताबाद स्थित उचौरी का ट्रांसफार्मर पिछले एक सप्ताह से जला हुआ है। इसके कारण पूरे गांव के लोग अंधेरे में रहने को विवश है। सप्ताह भर से जले ट्रांसफार्मर से यही साबित हो रहा है कि यहां शासन द्वारा जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने का आदेश बिल्कुल हवा हवाई साबित हो रहा है। उपभोक्ता दयालाल चौरसिया, केदार राम, उमाशकर राम, अरविंद यादव आदि लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण बिजली संबंधी कार्य नहीं हो पा रहा है। जेई गुलाब राम ने इस मामले से अनभिज्ञता जाहिर की।

chat bot
आपका साथी