जुल्म के खिलाफ लड़ती रहीं फूलन देवी : अरुण

By Edited By: Publish:Fri, 25 Jul 2014 06:12 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jul 2014 06:12 PM (IST)
जुल्म के खिलाफ लड़ती रहीं फूलन देवी : अरुण

गाजीपुर : पूर्व सांसद फूलन देवी के बलिदान दिवस के मौके शुक्रवार को सरजू पांडेय पार्क में प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी। एक बार फिर फूलन देवी की हत्या की जांच सीबीआई से कराने और हत्यारों को फांसी दिलाने का मुद्दा पुरजोर ढंग से उठाया गया। साथ ही 16 अति पिछड़ी उपजातियों अनुसूचित जाति की सुविधा दिलाने, ककरैत एवं गोरयापारा कांड की सीबीआइ जांच की मांग दोहराई गई। अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मांग पत्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मानवाधिकार आयोग एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भेजा।

वरिष्ठ नेता अरुण सिंह ने कहा कि फूलन देवी निषाद गरीब परिवार की बेटी थी। फूलन पूरे जीवन जुल्म के खिलाफ लड़ती रही। उन्हीं की तरह महिलाओं को भी अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाते रहना चाहिए। कहा कि 16 उपजाति के लोग विकास की मुख्य धारा से कटकर हाशिये पर आ गए हैं। विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए इनको अनुसूचित जाति की सुविधा जरूरी है। प्रदेश महामंत्री दुर्गविजय सिंह ने कहा कि पूर्व सांसद फूलन देवी की हत्या को 13 वर्ष बीत चुका है लेकिन इसकी सीबीआइ जांच नहीं हुई। अमेरिका के राष्ट्रपति बिल क्लींटन के द्वारा पुरस्कृत फूलन देवी विश्व की सातवी एवं हिंदुस्तान की पहली महिला थीं जो जंगल से लेकर संसद भवन तक जुल्म के खिलाफ लड़ती रहीं। इजहार खां, चौधरी मुसाफिर बिंद, डा.रामदयाल पासवान, राजेंद्र लाल, दधिवल बिंद, राजेंद्र विश्वकर्मा आदि थे। अध्यक्षता सीताराम बिंद एवं संचालन अरविंद कुमार ने किया।

chat bot
आपका साथी