मंगेतर के प्रेमी ने दी निरीक्षक को जान से मारने की धमकी

दो दिन पहले रितेश नाम का युवक उनके घर आया और निरीक्षक बेटे से मिला। रितेश ने कहा कि जिस लड़की से उसकी शादी तय हुई है वह उससे प्रेम करता है और यदि उसने युवती से शादी की तो वह उसे जान से मार देगा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Jul 2020 11:33 PM (IST) Updated:Fri, 24 Jul 2020 11:33 PM (IST)
मंगेतर के प्रेमी ने दी निरीक्षक को जान से मारने की धमकी
मंगेतर के प्रेमी ने दी निरीक्षक को जान से मारने की धमकी

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : सिहानी गेट थाना क्षेत्र में एक इनकम टैक्स निरीक्षक को उसकी मंगेतर के प्रेमी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पीड़ित परिवार दो तरफा फंस गया है। रिश्ता तोड़ने की बात कहने पर मंगेतर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दे रही है। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि जल्द ही मामले की जांच पूरी की जाएगी।

सिहानी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति का आरोप है कि उनका बड़ा बेटा दिल्ली पुलिस में है और दूसरा बेटा दिव्यांग है, जबकि तीसरा बेटा इनकम टैक्स में निरीक्षक के पद पर है। इनकम टैक्स में निरीक्षक बेटे की शादी मेरठ निवासी शिक्षिका युवती से तय हुई थी। सितंबर 2019 को गोद भराई की रस्म होनी थी। इससे दो दिन पहले रितेश नाम का युवक उनके घर आया और निरीक्षक बेटे से मिला। रितेश ने कहा कि जिस लड़की से उसकी शादी तय हुई है, वह उससे प्रेम करता है और यदि उसने युवती से शादी की तो वह उसे जान से मार देगा। इसके बाद उसने इस रिश्ते से इंकार कर दिया। आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद युवती निरीक्षक लड़के के पास मुंबई पहुंच गई और इनकम टैक्स निरीक्षक को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दी। आरोप यह भी है कि जून 2020 में युवती अपने पिता, भाई व मां के साथ उनके घर आई और शादी न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

chat bot
आपका साथी