पीडब्लूडी ने शुरू कराया सड़क निर्माण

नगला पानसहाय से टापाखुर्द तक बनेगी सड़क जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को मिलेगी राहत

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Jan 2020 11:21 PM (IST) Updated:Sat, 11 Jan 2020 06:03 AM (IST)
पीडब्लूडी ने शुरू कराया सड़क निर्माण
पीडब्लूडी ने शुरू कराया सड़क निर्माण

फीरोजाबाद, जासं, कोटला रोड स्थित नगला पानसहाय से पीडब्लूडी विभाग ने शुक्रवार को सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया, जिससे क्षेत्रीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। सड़क निर्माण के साथ 200 मीटर पक्का नाला भी बनाया जाएगा, जिससे मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या का स्थाई निदान हो सकेगा।

कोटला रोड पर नगला पानसहाय से टापाखुर्द तक मुख्य मार्ग पर पिछले एक साल से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी। मुख्य मार्ग पर जलनिकासी का साधन न होने के कारण आसपास बस्तियों का पानी मुख्य मार्ग पर भरा रहता था। इससे सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के साथ जलभराव के हालात बने हुए थे। यहां आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे थे। कोटला रोड शहर का मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग से होकर लोग कोटला, फरिहा, अवागढ़, एटा तक जाते हैं। इस बीच में दर्जनभर गांव भी पड़ते हैं। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर नगर निगम द्वारा गत दिवस अस्थाई नाला खुदाई कराकर इतिश्री कर दी। सड़क व नाला निर्माण के लिए क्षेत्रीय लोगों ने पीडब्लूडी में भी शिकायत दर्ज कराई गई।

जलभराव की गंभीर समस्या को देखते हुए शुक्रवार को पीडब्लूडी द्वारा क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू करा दिया। विभाग द्वारा सड़क निर्माण के लिए गिट्टी डलवाई गई। यहां नगला पानसहाय से टापाखुर्द तक हॉटमिक्स प्लांट से सड़क बनाने के साथ पक्का नाला भी बनाया जाएगा। लोगों का कहना है कि सड़क व नाला निर्माण होने से जलभराव की समस्या से राहत मिल सकेगी।

chat bot
आपका साथी