फिरोजाबाद में वृद्धा की मौत पर घिरी पुलिस, दहशत में पति पड़ा बीमार

तीन नामजद और अज्ञात पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज शनिवार रात गांव इमलिया में वृद्धा के घर पहुंची थी पुलिस।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 09 May 2022 05:20 AM (IST) Updated:Mon, 09 May 2022 05:20 AM (IST)
फिरोजाबाद में वृद्धा की मौत पर घिरी पुलिस, दहशत में पति पड़ा बीमार
फिरोजाबाद में वृद्धा की मौत पर घिरी पुलिस, दहशत में पति पड़ा बीमार

संस, टूंडला (फिरोजाबाद): पचोखरा के गांव इमलिया में शनिवार रात जेल से छूटकर घर आए चार भाइयों की तस्दीक करने पहुंची पुलिस आरोपों में घिर गई है। तकरार के दौरान 60 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। रविवार सुबह उसके पति की हालत भी बिगड़ गई। स्वजन ने गांव के ही तीन नामजदों के साथ ही अज्ञात पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। इसको लेकर गांव से लेकर पोस्टमार्टम गृह तक पुलिस फोर्स तैनात रहा।

शारदा देवी (60) शनिवार रात 18 वर्षीय बेटी मोनिका के साथ घर पर सो रही थीं। पति फौरन सिंह अपने बेटों के साथ खेत पर सो रहे थे। आरोप है कि रात 12 बजे पचोखरा थाने के कुछ पुलिसकर्मी इमलिया निवासी कैलाश चंद्र उपाध्याय, उनके पुत्र दीपक व शिवकांत तथा दो अन्य लोगों के साथ वृद्धा के घर पहुंचे। पुलिस शनिवार सुबह जेल से छूटकर आए उनके चारों बेटों के बारे में पूछताछ करने लगी। शारदा देवी ने कहा कि बेटे घर पर नहीं हैं। उन्होंने रविवार सुबह आने के लिए कहा। आरोप है कि पुलिसकर्मी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके घर में घुस गए। बेटी मोनिका की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद पुलिस और साथ में आए लोग भाग गए। फौरन सिंह के मुताबिक अपने बेटों के साथ घर पहुंचे तो शारदा देवी जमीन पर गंभीर हालत में पड़ी थीं। इसकी सूचना पर यूपी 112 पुलिस शारदा को सरकारी ट्रामा सेंटर ले गई। डाक्टर द्वारा मृत घोषित करने के बाद शव को रात दो बजे पोस्टमार्टम गृह पर रखवा दिया गया। रविवार सुबह मृतका के स्वजन, ग्रामीण, भीम आर्मी और बसपा के पदाधिकारी पोस्टमार्टम गृह पर पहुंच गए। इस बीच सुबह 10 बजे फौरन सिंह की भी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने उन्हें भी ट्रामा सेंटर पर भर्ती कराया। हंगामे की आशंका के मद्देनजर कई थानों की फोर्स पोस्टमार्टम गृह के बाहर तैनात रही। एसपी सिटी मुकेश मिश्रा ने बताया कि अंतिम संस्कार करा दिया गया। सीओ अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतका के पति ने तीन नामजद समेत कुछ पुलिस कर्मियों व अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

chat bot
आपका साथी