यमुना में नहाने गए तीन किशोर डूबे,घाट पर मचा कोहराम

एक ही मुहल्ले के निवासी हैं तीनों किशोर कोहराम आगरा से पीएसी के गोताखोर बुलाए विधायक पहुंचे।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 06:34 AM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 06:34 AM (IST)
यमुना में नहाने गए तीन किशोर डूबे,घाट पर मचा कोहराम
यमुना में नहाने गए तीन किशोर डूबे,घाट पर मचा कोहराम

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद: शुक्रवार तीसरे पहर यमुना में नहाते समय एक ही मुहल्ले के तीन किशोर यमुना में डूब गए। स्थानीय गोताखोर तलाश करते रहे, लेकिन पता नहीं चला। सदर विधायक मनीष असीजा ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ जाकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

लाइनपार थाना क्षेत्र के मुहल्ला राम नगर चांदनी प्रेस वाली गली निवासी नीरज बघेल (17) पुत्र रोशन लाल और उसके दोस्त गोपाल राठौर (13) पुत्र योगेश राठौर, विशाल (12) पुत्र साधु सिंह और अनिकेत (11) पुत्र सतेंद्र दो साइकिलों से तीसरे पहर गांव नया बांस के पास यमुना में नहाने गए थे। अनिकेत नदी के किनारे खड़ा रहा, जबकि बाकी तीनों नहाने लगे। थोड़ी देर बाद तीनों के नजर नहीं आने से परेशान अनिकेत ने भागकर चरवाहों को सूचना दी। आनन-फानन में चरवाहे, किशोरों के स्वजन भी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर लाइनपार विनोद कुमार सिंह भी फोर्स के साथ पहुंचे और तलाश शुरू कराई। सदर विधायक मनीष असीजा, एसपी सिटी मुकेश मिश्रा, एसडीएम सदर राजेश वर्मा और सीओ सदर हीरा लाल कनौजिया भी पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि शनिवार सुबह आगरा के गोताखोरों की टीम तलाश शुरू करेगी। विधायक मनीष असीजा ने किशोरों के घर जाकर उनके स्वजन को ढांढस बंधाया। विधायक ने बताया कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

- यमुना की तरफ जाते देख चरवाहों ने किशोरों को टोका था-

इंस्पेक्टर लाइनपार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि साइकिल से चार किशोरों को यमुना की तरफ जाते देख खेतों में पशु चरा रहे कुछ चरवाहों ने किशोरों को टोका था। इस पर उन्होंने यह कह दिया कि वे घूमने जा रहे हैं। यमुना किनारे से उनकी दोनों साइकिल मिली है। गोपाल और नीरज तीन-तीन भाई और विशाल दो भाई है।

---

chat bot
आपका साथी