बिजली, पानी की समस्याओं का अम्बार

By Edited By: Publish:Wed, 23 Jul 2014 10:11 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jul 2014 10:11 PM (IST)
बिजली, पानी की समस्याओं का अम्बार

फीरोजाबाद: जिलाधिकारी विजय किरन आनंद के नेतृत्व में पालीवाल हाल में ईद और रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए शांति कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिसमें हिंदू और मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय लोगों ने नगर में व्याप्त गंदगी, पेयजल और बिजली की समस्या पर डीएम से निजात दिलाने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट और नगर स्वास्थ्य अधिकारी से समस्याओं के शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने शांति कमेटी में आए प्रबुद्ध लोगों से आने वाले ईद और रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्यौहारों को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया। छोटी-मोटी बातों को हमें अनदेखा कर सुहाग नगरी की शांत फिजा को बनाए रखना चाहिए। बैठक में क्षेत्रीय नागरिकों से विचार जानते हुए समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। इस पर क्षेत्रीय लोगों ने क्षेत्र में व्याप्त बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था पर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित किया। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय समस्याओं के सुनने के बाद स्वास्थ्य अधिकारी से क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा जलकल अभियंता को पानी का आपूर्ति सुनिश्चत करने के निर्देश दिए। वहीं बिजली की समस्या के लिए उन्होंने विद्युत अधिकारियों से कहा ईद और रक्षाबंधन पर्व पर कम से कम कटौती की जाए। जिससे लोगों को राहत उपलब्ध कराई जा सके। वहीं पुलिस अधीक्षक अजय मोहन शर्मा ने लोगों को शांति और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए कहा। उन्होंने कहा अगर किसी को कोई सूचना मिलती है तो वह पहले 100 नंबर पर या इंस्पेक्टर व उन्हें स्वयं फोन कर बता सकते हैं। समस्या का शीघ्र निदान कराया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट उदय सिंह, नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी महाराज सिंह के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रबुद्ध जनों में नगर के प्रत्येक मुहल्ले और चौकी क्षेत्र से लोग आए।

chat bot
आपका साथी