फीरोजाबाद में चार दिन दहाड़ेंगे राजनीति के 'धुरंधर'

By Edited By: Publish:Wed, 16 Apr 2014 08:06 PM (IST) Updated:Wed, 16 Apr 2014 08:06 PM (IST)
फीरोजाबाद में चार दिन दहाड़ेंगे राजनीति के 'धुरंधर'

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : लोकसभा चुनाव प्रचार आने वाले दिनों में अपने शबाब पर होगा। शुक्रवार से राजनीति के धुरंधर भी यहां शब्द बाण चलाएंगे। राजनीति के धुरंधर कहे जाने वाले नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, मुलायम सिंह यादव, शिवपाल सिंह यादव और मायावती की जनसभाएं तय हो चुकी हैं। पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं।

फीरोजाबाद संसदीय सीट पर सपा से अक्षय यादव, भाजपा से प्रो. एसपी सिंह बघेल, बसपा से ठाकुर विश्वदीप सिंह और कांग्रेस से अतुल चतुर्वेदी मुख्य रूप से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट को सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती ने प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। मुख्य रूप से सपा और भाजपा इस सीट को अपने पाले में खींचने को हर एक दांव-पेच आजमा रही है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 15 अप्रैल को फरिहा में चुनावी सभा संबोधित कर चुके हैं। 18 अप्रैल को लोनिवि मंत्री शिवपाल सिंह यादव गुदाऊ में जनसभा संबोधित करेंगे। 18 अप्रैल को ही सुबह दस बजे बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती शहर के पीडी जैन इंटर कॉलेज मैदान में चुनावी सभा संबोधित करेंगी। 20 अप्रैल को सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव नसीरपुर में चुनावी सभा संबोधित करने आ रहे हैं। इसी दिन 20 अप्रैल को ही सुबह 11 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह नारखी के बछगांव चौराहे पर चुनावी सभा संबोधित करेंगे। 21 अप्रैल को भाजपा पीएम पद के उम्मीदवार व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी शहर के सीएल जैन इंटर कॉलेज मैदान में चुनावी सभा संबोधित करने आ रहे हैं। ये सभी दिग्गज पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने आ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी