बाढ़ के पानी से घिरे गोसदन की दीवार गिरी

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद करीब 15 दिन से बाढ़ के पानी से घिरे गांव कटरी धर्मपुर स्थित

By JagranEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 11:38 PM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 11:38 PM (IST)
बाढ़ के पानी से घिरे गोसदन की दीवार गिरी
बाढ़ के पानी से घिरे गोसदन की दीवार गिरी

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : करीब 15 दिन से बाढ़ के पानी से घिरे गांव कटरी धर्मपुर स्थित राजकीय गोसदन की दीवार मंगलवार सुबह भरभराकर गिर गई। दोपहर को जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारियों के साथ बुलडोजर पर बैठकर गोसदन पहुंचे। जलभराव व कीचड़ की वजह से अधिकारियों को नंगे पैर ही निरीक्षण करना पड़ा। जिलाधिकारी ने दीवार का निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया। गोवंश को समय से चारा, दाना व पानी उपलब्ध कराने की हिदायत दी।

गोसदन के चारों तरफ बाढ़ का पानी भरा है। दीवार के नीचे निहास से पानी रिस कर गोसदन में जा रहा था, जिसे गत सप्ताह बंद कराया गया था। सुबह मेनगेट के पास पूर्वी तरफ की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। तेज आवाज सुनकर गोसदन में मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्रबंधक दिनेश दुबे ने अधिकारियों को अवगत कराया। दोपहर को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य के साथ गोसदन जाने के लिए कार से गांव बिलावलपुर तक पहुंचे। आगे पानी भरा होने से वहां नगर पालिका से बुलडोजर मंगवा लिया गया था। अधिशासी अधिकारी रविद्र कुमार भी मौजूद थे। बढ़पुर के प्रभारी खंड विकास अधिकारी भारत प्रसाद भी गोसदन में थे। जलभराव के चलते जिलाधिकारी व सिटी मजिस्ट्रेट ने अपने जूते बुलडोजर में उतार दिए और नंगे पैर निरीक्षण किया। गोसदन प्रबंधक ने डीएम को जानकारी दी कि 400 गोवंश बंद हैं। डीएम ने गोवंश को चारा, दाना व पानी समय से उपलब्ध कराने की हिदायत दी। दीवार निर्माण के लिए बीडीओ को तुरंत काम शुरू कराने का निर्देश दिया। भूसाघर, टीनशेड आदि का निर्माण भी जल्द पूरा करने के लिए कहा।

chat bot
आपका साथी