शहर के धान व मक्का खरीद केंद्रों पर पहले दिन नहीं आया एक भी दाना

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद शहर की सातनपुर मंडी में गुरुवार को भारतीय खाद्य निगम ने धान ए

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Oct 2020 11:14 PM (IST) Updated:Thu, 15 Oct 2020 11:14 PM (IST)
शहर के धान व मक्का खरीद केंद्रों पर पहले दिन नहीं आया एक भी दाना
शहर के धान व मक्का खरीद केंद्रों पर पहले दिन नहीं आया एक भी दाना

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : शहर की सातनपुर मंडी में गुरुवार को भारतीय खाद्य निगम ने धान एवं खाद्य विभाग की विपणन शाखा ने धान एवं मक्का के खरीद केंद्र खोल दिए। खरीद केंद्रों के कर्मचारी दिनभर किसानों के आने की प्रतीक्षा में बैठे रहे, लेकिन एक दाना भी बिक्री के लिए नहीं आया। वहीं पास में ही आढ़तियों की दुकानों पर धान व मक्का की खरीद दिन भर जारी रही।

सरकार ने 15 अक्टूबर 2020 से 28 फरवरी 2021 तक धान व मक्का खरीदने के लिए मंडी में क्रय केंद्र खोले हैं। भारतीय खाद्य निगम के खरीद केंद्र प्रभारी इकरार हुसैन अन्य कर्मचारियों के साथ सुबह पहुंच गए। शाम तक एक भी दाना बिक्री के लिए नहीं आया। खाद्य विभाग की विपणन शाखा के खरीद केंद्र पर सहायक केंद्र प्रभारी आले हसन मौजूद थे। वहां भी किसान नहीं पहुंचे। आले हसन ने बताया कि उनके केंद्र पर मक्का व धान दोनों खरीदे जाएंगे। फिलहाल मक्का खरीद के लिए साइट नहीं खुल सकी है। इससे किसानों का पंजीकरण नहीं हो पाया। पहले एक नवंबर से खरीद होती थी, इस बार सरकार ने 15 दिन पहले ही खरीद केंद्र शुरू कर दिए। वहीं मंडी में आढ़तियों के यहां धान व मक्का बिक्री के लिए आई। धान की आवक अच्छी थी। आढ़ती संजीव गुप्ता राजू ने बताया कि मक्का कम आ रही है। धान बिक्री के लिए आ रहा है। किसानों को लागत के लिए रुपये देते हैं आढ़ती

मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नगला अमृत निवासी आलोक कुमार पाल व राजवीर पाल ट्रैक्टर ट्राली से धान बेचने मंडी आए थे। उन्होंने बताया कि कई माह पहले ट्रैक्टर खरीदा था। डेढ़ लाख रुपये आढ़ती से उधार ले गए थे। फसल की लागत भी वह आढ़ती से ही ले जाते हैं। यह स्थिति अधिकांश छोटे किसानों की है। वह उधार लिए रुपये कटवाने के लिए मजबूरी में आढ़त पर ही फसल बेचते हैं। सरकारी खरीद केंद्रों पर मानक का पेंच है। मात्र दो ग्रेड का चावल ही खरीदा जा रहा है। उसमें भी छंटना लगाएंगे। यदि धान हल्का भी गीला है तो वह नहीं लेंगे। पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन

सरकारी खरीद केंद्रों पर धान व मक्का बेचने के लिए किसानों को जनसुविधा केंद्रों से पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। खरीद केंद्र पर पहले रजिस्ट्रेशन पर्ची देखी जाएगी, उसी के बाद खरीद होगी। आढ़ती अधिकतर तुरंत भुगतान कर देते हैं। जबकि सरकारी खरीद में दो से तीन दिन खाते में रुपये आने में लग जाते हैं।

सरकारी खरीद का भाव

मोटा धान - 1868 रुपये क्विटल

ग्रेड ए धान - 1880 रुपये क्विटल

मक्का - 1850 रुपये क्विटल

आढ़तियों के यहां खरीद का भाव

धान - 1280 से 1300 क्विटल

मक्का - 1250 रुपये क्विटल

chat bot
आपका साथी