प्रेमी युगल के शव मिले, जहर से मौत की आशंका

संवाद सूत्र, मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद) : क्षेत्र के गांव नकटपुरा की निवासी एक 15 वर्षीय किशोरी क

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 Sep 2018 10:31 PM (IST) Updated:Tue, 11 Sep 2018 10:31 PM (IST)
प्रेमी युगल के शव मिले, जहर से मौत की आशंका
प्रेमी युगल के शव मिले, जहर से मौत की आशंका

संवाद सूत्र, मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद) : क्षेत्र के गांव नकटपुरा की निवासी एक 15 वर्षीय किशोरी का शव सुबह नकटपुरा गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेतों में पड़ा मिला। कुछ ही दूरी पर गांव के ही निवासी ट्रक चालक रामतीरथ (22) का भी शव पड़ा मिला। दोनों में प्रेम प्रसंग था। दोनों के परिवार वालों ने एक-दूसरे पर हत्या कराने का आरोप लगाकर हंगामा किया। एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर भी पुलिस को दी है। वहीं, पोस्टमार्टम के सूत्रों के मुताबिक जहर से मौत की आशंका है। बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।

रामतीर्थ पुत्र छक्कू लाल राजपूत ने सुबह अपने परिजन को सूचना दी कि उसकी हालत खराब है। वह गांव से लगभग 100 मीटर दूर जवाहर लाल के खेत के पास पड़ा है। रामतीर्थ के परिजन ने डायल 100 को फोन किया। डायल 100 पुलिस के साथ ही प्रभारी निरीक्षक अनूप निगम भी पहुंच गए। मौके पर किशोरी का शव मिला तो चंद दूरी पर रामतीर्थ पड़ा था। रामतीर्थ को अचेत समझ पुलिस सीएचसी ले गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

किशोरी के पिता ने तहरीर में कहा है कि रामतीर्थ से पुत्री का प्रेमप्रसंग चल रहा था। इसके चलते पूर्व में भी रामतीर्थ के परिजन ने उनसे मारपीट की थी। सोमवार को अपने भाई के साथ वह पुत्री के लिए लड़का देखने गए थे। देर रात उनकी पुत्री शौच के लिए खेत पर गई। वापस न आने पर खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार सुबह खोजबीन के दौरान चीखपुकार की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे तो देखा कि रामतीर्थ, गुरुबख्श व उनके पिता छक्कूलाल उनकी पुत्री को गिराकर पीटते हुए गला दबा रहे थे। जब तक पास पहुंचे, तब तक पुत्री की जान जा चुकी थी। उधर, रामतीर्थ के पिता छक्कूलाल ने बताया कि किशोरी के परिजन ने पुत्र की जहर देकर हत्या की है। छह पुत्रों में रामतीर्थ सबसे छोटा था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच की जा रही है। परिजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी