मंदिरों में हुए हवन, घरों में चले कन्या भोज

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद नवरात्र की अष्टमी पर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में हवन किए

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 07:37 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 07:37 PM (IST)
मंदिरों में हुए हवन, घरों में चले कन्या भोज
मंदिरों में हुए हवन, घरों में चले कन्या भोज

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : नवरात्र की अष्टमी पर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में हवन किए गए तो कन्या भोज के आयोजन भी हुए। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर शीश नवाया और पूजन कर मन्नत मांगी।

मंगलवार को नवरात्र की अष्टमी पर व्रतियों ने घरों में हवन किया और दुर्गा सप्तशती का पाठ कर पूजन किया। इसके बाद महिलाओं और पुरुषों ने शहर के देवी मंदिरों की ओर रुख किया। रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मंदिर, गुरुगांव देवी, शीतला देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर बढ़पुर, गमा देवी मंदिर फतेहगढ़ और वैष्णों देवी मंदिर भोलेपुर में भक्तों ने पहुंचकर मां के दर्शन किए। पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाएं श्रृंगार सामग्री, नारियल व प्रसाद खरीदते दिखाई दीं। शीतला देवी मंदिर बढ़पुर में थर्मल स्क्रीनिग के बाद पांच-पांच भक्तों को दर्शन करने के लिए प्रवेश करने दिया जा रहा था। भक्तों ने मां के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि के साथ ही कोरोना वायरस से निजात दिलाने की मातारानी से प्रार्थना की। कई जगह लोगों ने अष्टमी पर कन्या भोज कराकर कन्याओं को दान-दक्षिणा दी।

मठिया देवी मंदिर में कोविड नियम के बीच हुआ यज्ञ

वैसे तो नवरात्र की अष्टमी पर रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मंदिर में मुख्यमार्ग पर विशाल हवन-कुंड तैयार कर हवन का आयोजन किया जाता है, जिसमें भीड़ रहती है, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के चलते इस बार ऐसा नहीं हुआ। मंदिर के अंदर ही छोटे से हवन-कुंड में अग्नि जलाकर मंत्रोच्चारण के बीच चार-पांच लोगों ने यज्ञ में आहुतियां डालीं। पुजारी विष्णुदयाल मिश्र ने बताया कि ओंकारनाथ शास्त्री के सानिध्य में हवन संपन्न हुआ। इस अवसर पर सदानंद शुक्ल, रमेश मिश्र, देवकिशन यादव और विशाल अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी