जिले के होनहारों ने पीसीएस परीक्षा में फहराया मेधा का परचम

जिले के कई होनहार उप्र लोकसेवा आयोग की परीक्षा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 18 Feb 2021 11:09 PM (IST) Updated:Thu, 18 Feb 2021 11:09 PM (IST)
जिले के होनहारों ने पीसीएस परीक्षा में फहराया मेधा का परचम
जिले के होनहारों ने पीसीएस परीक्षा में फहराया मेधा का परचम

अयोध्या: जिले के कई होनहार उप्र लोकसेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर अफसर बन गए हैं। पीसीएस बनने वालों की खुशी का ठिकाना नहीं है। शहर के आदर्श नगर कॉलोनी के निवासी जसवंत सिंह की बहू प्रीति सिंह ने न सिर्फ परीक्षा उत्तीर्ण की बल्कि 26वीं रैंक हासिल की। उनका चयन एसडीएम पद पर हुआ। गोरखपुर के सहजनवां की प्रीति का विवाह अस्सिटेंट प्रोफसेर कौशलेंद्र सिंह से हुआ है, जो लखनऊ के लॉ कॉलेज में तैनात हैं। प्रीति इस समय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें चौथे प्रयास में सफलता मिली। प्रीति के पिता चंद्रभूषण सिंह किसान हैं। प्रीति ने सफलता का श्रेय माता-पिता व ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों को दिया। शिक्षक नेता श्रीकांत द्विवेदी ने प्रीति के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

शहर के निराला नगर निवासी संतरंजन श्रीवास्तव का चयन एसडीएम पद पर हुआ है। उन्होंने पहले प्रयास में ही यह सफलता हासिल की। उन्हें 32वीं रैंक मिली। वे अकबरपुर के रसूलपुर उसरीलोदीपुर निवासी हरिधारी श्रीवास्तव के तीन बच्चों में ज्येष्ठ हैं। अकबरपुर में ही उनकी शिक्षा दीक्षा हुई। वे निरालानगर में दादा अविनाशलाल श्रीवास्तव के साथ रह कर तैयारी कर रहे थे। संतरंजन ने सफलता का श्रेय मां-पिता के आशीर्वाद को दिया। प्राशिसं के तारुन ब्लॉक अध्यक्ष अमरनाथ वर्मा, आदर्श वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनुज सिंह, राजनारायण सिंह, वीरेंद्र मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, संजय पांडेय, अनूप द्विवेदी, विनोद सोनकर व अखिलेश ने संतरंजन का स्वागत किया और बधाई दी।

शिवनगर कॉलोनी (हनुमतनगर) के सुशील मिश्र का चयन पशु चिकित्साधिकारी पद पर हुआ। सुशील वरिष्ठ अधिवक्ता दूधनाथ मिश्र के पुत्र हैं। इसके पहले भी सुशील का चयन वन क्षेत्राधिकारी के पद पर हो चुका है। वरिष्ठ अधिवक्ता कालिका प्रसाद मिश्र, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने सुशील को बधाई दी है। सुशील ने सफलता का श्रेय अपने दादा सेवानिवृत्त प्राचार्य राम यज्ञ मिश्र की प्रेरणा को दिया।

शहर के देवकाली बाईपास स्थित पटवारी का पुरवा निवासी शशांक पटेल का चयन डिप्टी जेलर पद पर हुआ। इस समय शशांक हाईकोर्ट इलाहाबाद में समीक्षा अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। पूराबाजार के कर्मा कोडरी निवासी बृजभान सिंह के पुत्र सौरभ सिंह नायब तहसीलदार पद पर चयनित हुए हैं। उन्होंने स्थानीय निर्भय सिंह इंटर कॉलेज से शिक्षा हासिल की। प्रबंधन पीएन सिंह ने बधाई दी।

chat bot
आपका साथी