नाबालिग बालिका के साथ युवक ने किया दुष्कर्म

By Edited By: Publish:Sat, 30 Aug 2014 12:17 AM (IST) Updated:Sat, 30 Aug 2014 12:17 AM (IST)
नाबालिग बालिका के साथ युवक ने किया दुष्कर्म

पटरंगा (फैजाबाद) :

घर में घुसकर एक युवक ने नाबालिग बालिका के साथ जबरन दुराचार किया। वारदात को तब अंजाम दिया गया जब बालिका के परिवारीजन घर से बाहर थे। बेहोशी की हालत में उसे छोड़कर युवक मौके से फरार हो गया है। थाने पहुंची बालिका को देखकर पुलिसकर्मी भी हतप्रभ रह गए। 14 वर्षीय बालिका की हालत काफी नाजुक थी। इस मामले में भी पुलिस की हीलाहवाली सामने आई। थाने पहुंचने के बाद दो घंटे तक उसे उपचार के लिए नहीं भेजा गया। सीओ संतोष सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस कार्रवाई में तेजी आई। तब पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। बालिका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश कर रही है। घटना पटरंगा थाना क्षेत्र के पूरे दीक्षित मजरे पुरांय गांव की है। गुरुवार की शाम बालिका के साथ उस वक्त दरिंदगी की गई जब वह घर पर अकेली थी। उसके भाई के मुताबिक पिता किसी जरूरी कार्य से पटरंगा मंडी गए थे। आरोप है कि इसी बीच मौका पाकर पुरांय गांव के युवक शिवशंकर यादव ने घर में घुसकर उसे दबोच लिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने लगा। उसके चीखने चिल्लाने का असर भी उस वहशी दरिंदे पर नहीं हुआ। बालिका के बेहोश हो जाने पर वह मौके से भागा। उसकी मां के मुताबिक जब देर रात वह घर पहुंची तो उसकी लड़की खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ी थी। रात में लगभग दस बजे वह बालिका को लेकर पटरंगा हाइवे चौकी पहुंची। जहां पर कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। उसके बाद वह साढ़े दस बजे पटरंगा थाना पहुंची। जहां पर पहले तो उसकी फरियाद अनसुनी कर दी गई। बाद में मीडिया की तत्परता पर सक्रिय हुई पुलिस ने रात्रि लगभग दो बजे उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर अभी उसका उपचार जारी है। अब वह खतरे से बाहर बताई जाती है। उसकी हालत में सुधार हो रहा है। थानाध्यक्ष देवेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर शिवशंकर यादव के खिलाफ दुराचार व पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस की हीलाहवाली की जानकारी नहीं है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश पटरंगा थानाध्यक्ष को दिए गए हैं। उन्होंने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी