मत्स्य विहार संवारने की गुंजाइश तलाशने पहुंचे मंडलायुक्त

By Edited By: Publish:Thu, 24 Jul 2014 12:06 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jul 2014 12:06 AM (IST)
मत्स्य विहार संवारने की गुंजाइश तलाशने पहुंचे मंडलायुक्त

फैजाबाद : सिविल लाइंस स्थित इंदिरा मत्स्य विहार की सेहत सुधारने के लिए चल रहे कार्य में तेजी आई है। बुधवार को मंडलायुक्त विपिन कुमार द्विवेदी व जिलाधिकारी डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव ने इंदिरा मत्स्य विहार का निरीक्षक कर पालिकाध्यक्ष विजय गुप्त से सुंदरीकरण संबंधी प्रस्ताव भेजने को कहा है, ताकि जल्द से जल्द मत्स्य विहार के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराया जा सके। अधिकारियों ने भवन के चप्पे-चप्पे का जायजा लेकर सुधार की व्यापक गुंजाइश बतायी। पालिकाध्यक्ष ने अवगत कराया कि मत्स्य विहार के सुंदरीकरण का ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया गया है। प्रथम चरण में मछली घर की मरम्मत के साथ-साथ सड़क निर्माण, लाइटिंग व झूले का निर्माण कराया जाएगा। द्वितीय चरण में तालाब की सफाई व उसके आस-पास नाले का निर्माण कराया जाएगा। परिसर में बनी कैंटीन को भी शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों ने पालिकाध्यक्ष से नक्शा व प्रस्ताव मांगा है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मत्स्य विहार के सुंदरीकरण में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी