औरैया हादसा : मंजर याद कर छलके आंसू

औरैया हादसा मंजर याद कर छलके आंसू

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 May 2020 05:32 PM (IST) Updated:Mon, 18 May 2020 06:09 AM (IST)
औरैया हादसा : मंजर याद कर छलके आंसू
औरैया हादसा : मंजर याद कर छलके आंसू

बीपी सिंह, सैफई (इटावा)

दर्द से कराहते घायल प्रवासी जब अपनी व्यथा-कथा सुनाते हैं तो उनकी आंखों के सामने औरैया हादसा का भयावह मंजर उतर आता है। वह सिहर उठते हैं। वे बताना तो बहुत कुछ चाहते हैं, लेकिन जुबान साथ नहीं देती और आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं।

उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई भेजे गए घायलों में से बोकारो (झारखंड) के रहने वाले गोवर्धन बताते हैं कि वह बिना किराये के ही ट्राला से जा रहे थे। राजस्थान में मारबल का काम करते थे। धेला पास नहीं रहा तो किराया कहां से अदा करते सो, अपने 35 साथियों के साथ ही उनकी मदद से घर जाने को ट्राला पर सवार हो गए। सुनील कुमार बताते हैं कि वह जयपुर से बनारस के लिए ट्राला के जरिये निकले थे। हादसे के बारे में बताते-बताते उनका गला रुंधने लगा, जबड़ा भिचा और जुबान लड़खड़ाने लगी। डीसीएम में सवार रही कांती देवी बताती हैं कि वह अपने गोविद, दस साल के बेटे राहुल, पांच साल के नीरज और तीन साल की गौरी बिटिया के साथ घर लौट रही थी। उसके ग्रुप के आठ लोग दिल्ली में मजदूरी करते थे। वे सभी मध्यप्रदेश के छतरपुर के लिए निकल गए थे। कांती बताती हैं कि अपने घर जाने के लिए 1500-1500 रुपये प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से किराया लिया गया था। ताजा हो गईं 12 फरवरी के हादसे की यादें सैफई : औरैया हादसा की जानकारी होते ही मेडिकल विवि के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) आदेश कुमार और इमरजेंसी इंचार्ज प्रो. (डॉ.) एसपी सिंह टीम के साथ इमरजेंसी गेट पर मौजूद थे। घायलों के उपचार के लिए टीम तत्परता से जुट गई थी। ऐसी ही तत्परता आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 12 फरवरी की रात फिरोजाबाद में दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर बस सड़क हादसे पर देखी गई थी। उस हादसे में बड़ी संख्या में घायल सैफई पहुंचे थे। हादसे में 18 यात्रियों की मृत्यु हो गई थी। पूर्व सांसद ने लिया हालचाल

मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव ने भर्ती कराए गए घायल प्रवासियों को बेहतर चिकित्सा मुहैया कराने के लिए फोन पर अस्पताल के अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने बेहतर उपचार दिलाने तथा सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सांसद रामशंकर कठेरिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव घायलों को देखने पहुंचे।

chat bot
आपका साथी