आलू-प्याज ने कीमतों में दी सेब को पटखनी

जागरण संवाददाता इटावा मंडी में भाव के मुकाबले में सेब मात खा रहा है और आलू-प्याज की

By JagranEdited By: Publish:Tue, 17 Nov 2020 05:19 PM (IST) Updated:Tue, 17 Nov 2020 05:19 PM (IST)
आलू-प्याज ने कीमतों में दी सेब को पटखनी
आलू-प्याज ने कीमतों में दी सेब को पटखनी

जागरण संवाददाता, इटावा : मंडी में भाव के मुकाबले में सेब मात खा रहा है और आलू-प्याज की शान बरकरार है। सीजन की शुरुआत में सेब 35 रुपये किलो तक बिक गया और अब मीडियम सेब 40 रुपये तो अव्वल सेब का भाव 60-70 रुपये किलो है। लॉकडाउन में 10-15 रुपये किलो बिकने वाले पुराने आलू का भाव अनलॉक फ‌र्स्ट लागू होने के बाद से 35 रुपये किलो से चढ़ते-चढ़ते 45 रुपये किलो तक पहुंच गया और नये पहाड़ी आलू का भाव 70 रुपये किलो खुला। लॉकडाउन में 10 रुपये किलो बिकने वाले प्याज का भाव अब 50 रुपये किलो है और आगामी दिनों में 70 रुपये पार होने का अनुमान जताया जा रहा है। कहते हैं, समय बदलते देर नहीं लगती। कई साल तक आलू की फिकाई की नौबत रही। मंडियों में आलू बेहद सस्ता बिक गया। उस समय सेब के थोक दाम आलू की तुलना में दो से तीन गुना तक रहे। इस साल हालात बदले हुए हैं। हिमाचली सेब की आमद अगस्त में हो गई थी और अक्टूबर के पहले पखवाड़े में विदाई हो गई। इसके बाद कश्मीरी सेब की आमद हुई, जिसकी दिसंबर तक मंडी में धाक रहेगी। अगस्त से अक्टूबर तक स्टोर की छांट व मीडियम क्वालिटी का सेब 35 से 60 रुपये तक किलो तक बिका। हिदुस्तान फ्रूट कंपनी के प्रोपाइटर हाजी निजामुद्दीन बताते हैं कि सेब की पैदावार एक साल ज्यादा तो अगले साल हल्की होती है। इस बार सेब का फसल हल्की रहने के साथ ही लॉकडाउन का भी भाव पर असर रहा। हालांकि कश्मीर डेलीसस यानी उच्च क्वालिटी वाले सेब का फुटकर भाव अब 60-70 रुपये किलो है। ऐसे आया अंतर इस साल आलू की लोकल पैदावार में करीब 15 प्रतिशत की कमी रही। अनलॉक वन से आलू गैर प्रांतों की मंडियों में जाने लगा। इसके चलते मंडियों में आलू खरीदार प्रचलित दरों से भी अधिक देने को तैयार हुए। वहीं दूसरी ओर नासिक में अत्यधिक बारिश से प्याज की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। स्टॉक कम रहने से बिकबाली ने दाम बढ़ा दिए। दूसरी तरफ सीजन की शुरुआत में हिमाचल सेब की आमद जबर्दस्त रही। सेब के फायदे अनेक जानकारों के अनुसार सीजन का सेब खूब फायदेमंद रहता है। इसमें एंटी ऑक्सीडेंट होने से कई बड़ी बीमारियों से टक्कर लेने में मदद मिलती है। शरीर के लिए जरूरी कई प्रकार के खनिज सेब में अच्छी तादाद में पाए जाते हैं। इसका फाइबर हृदय रोगियों के लिए फायदेमंद है। इसके जूस से भी कई रोगों से लड़ने की ताकत मिलती है।

chat bot
आपका साथी