पुलिस के खिलाफ होगा सपा का जोरदार प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, इटावा : समाजवादी पार्टी पुलिस की अवैध वसूली को मुद्दा बनाते हुए 24 सितंबर को

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Sep 2018 06:56 PM (IST) Updated:Fri, 21 Sep 2018 06:56 PM (IST)
पुलिस के खिलाफ होगा सपा का जोरदार प्रदर्शन
पुलिस के खिलाफ होगा सपा का जोरदार प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, इटावा : समाजवादी पार्टी पुलिस की अवैध वसूली को मुद्दा बनाते हुए 24 सितंबर को शहर से कचहरी तक जोरदार प्रदर्शन करेगी। इस दिन लाल टोपीधारी युवा शक्ति के रूप में लाल सैलाब सड़कों पर उमड़ने का दावा किया गया है। इसी के साथ प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि पुलिस के साथ अन्य विभागों में खासतौर पर बिजली विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है, प्रदर्शन के बाद अंकुश नहीं लगा तो थानों-कार्यालयों का घेराव करके कार्रवाई के लिए बाध्य किया जाएगा।

शुक्रवार को सपा कार्यालय पर सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, सदर विधान सभा प्रत्याशी रहे विमल भदौरिया, कुलदीप गुप्ता संटू के साथ मीडिया से वार्ता करते हुए प्रशासन को यह चेतावनी दी। उनका कहना है कि जनपद के अधिकांश थानों में खुलेआम वसूली हो रही है। कई थाना प्रभारी तथा दारोगा तरह-तरह की धमकी देकर जबरदस्त वसूली कर रहे हैं। उन्होंने जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के परसुउआ तथा नगला वर्माजीत का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया कि दोनों ग्रामों से थाना पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये की वसूली की है। इसके कई साक्ष्य हमारे पास हैं। पुलिस निर्दोष लोगों को जेल भेज रही है, इसका प्रमाण जेल की क्षमता से मिलता है, 600 के स्थान पर दो हजार बंदी जेल में हैं।

एसएसपी से शिकायतें कीं तो उन्होंने कई शिकायतों को सही ठहराते हुए थाना प्रभारियों को इधर से उधर कर दिया लेकिन कार्रवाई नहीं की। हकीकत में कई इंस्पेक्टर लाइन तथा कार्यालयों में बैठे हैं जबकि सब इंस्पेक्टर थाना चला रहे हैं। इससे एसएसपी की कार्यशैली भी संदेह के घेरे में आ गई है। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के भय से प्रदर्शन करने के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि मोर्चा का गठन होने से पूर्व ही प्रदर्शन की घोषणा कर दी गई थी। इस अवसर पर ललित दुबे, सर्वेश शाक्य, पदम तिवारी, राकेश यादव सहित कई सपा नेता उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी