'पूस' ने छलांग लगा सर्दी को फिर दबोचा

जागरण संवाददाता औरैया करीब चार दिन पहले पूस या पौष की आंख क्या लगी। लोग उसे थका म

By JagranEdited By: Publish:Mon, 11 Jan 2021 11:41 PM (IST) Updated:Mon, 11 Jan 2021 11:41 PM (IST)
'पूस' ने छलांग लगा सर्दी को फिर दबोचा
'पूस' ने छलांग लगा सर्दी को फिर दबोचा

जागरण संवाददाता, औरैया : करीब चार दिन पहले 'पूस या पौष' की आंख क्या लगी। लोग उसे थका मानने लगे। लेकिन, उसने लोगों को अपनी दमदारी का अहसास कराना फिर शुरू कर दिया है। करीब चार दिन पहले 13 डिग्री सेल्सियस तक जाने वाला न्यूनतम तापमान सोमवार को छह डिग्री पर पहुंच गया। वातावरण में गलन बढ़ने से लोग कांपते दिखे। सर्दी को दुहाई देते दिखे।

आसमान साफ रहने के साथ सोमवार को पूरे दिन धूप तो रही, लेकिन मात्र कहने भर को। हवा में नमी से बढ़ी गलन ने एक बार फिर लोगों को झकझोर कर रख दिया। घरों से ऊनी वस्त्रों से पूर्ण सुरक्षा के साथ लोग अपने जरूरी कार्यों को निपटाने के लिए निकले। देर शाम तक अलाव के सहारा लेकर सर्दी से राहत महसूस की। समय से लोग प्रतिष्ठानों व कार्यालयों के कामकाज निपटाने के लिए पूर्ण सुरक्षा के साथ निकले। दो दिन ज्यादातर सरकारी कार्यालय बंद रहने के बाद खुले तो शहरी व ग्रामीणों ने लेनदेन संबंधी काम पूरे किए। बाजार में भी अपेक्षाकृत भीड़भाड़ नजर आई। खुले मौसम में किसान भी अपने खेती के काम निपटाने में जुटे रहे। शाम होते ही सार्वजनिक स्थलों पर जलाए गए अलाव का सहारा लेकर लोग गपशप करते नजर आए। बुजुर्ग घरों के बाहर ही निकली धूप लेकर सर्दी से बचाव करते दिखे। पार्कों में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विज्ञानी एसएन पांडेय ने बताया कि सोमवार को सामान्य से तीन डिग्री नीचे पारा पहुंचा। जिससे गलन बढ़ गई। अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस रहा। 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी पश्चिमी हवा चली। सर्द हवा की वजह से ठिठुरन बढ़ी। इस सप्ताह न्यूनतम तापमान और नीचे जाएगा।

chat bot
आपका साथी