सड़कों ने ओढ़ी कोहरे की चादर

इटावा, जागरण संवाददाता : कोहरा की चादर पड़ने से जनजीवन थम सा गया, अधिकतर लोग घरों में कैद रहे। तेज हव

By Edited By: Publish:Fri, 19 Dec 2014 06:47 PM (IST) Updated:Fri, 19 Dec 2014 06:47 PM (IST)
सड़कों ने ओढ़ी कोहरे की चादर

इटावा, जागरण संवाददाता : कोहरा की चादर पड़ने से जनजीवन थम सा गया, अधिकतर लोग घरों में कैद रहे। तेज हवा न चलने से कोहरा घना होता रहा। हालात इतने बदतर थे कि सुबह महज दो मीटर की दूरी पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। हाईवे किनारे वाहनों की कतारें बीती रात से लग गईं थीं जो सुबह तक लगी रहीं। न्यूनतम तापमान सात डिग्री पर था तो दोपहर में सूर्यदेव के दर्शन होने से अधिकतम तापमान 24 डिग्री पर पहुंचा। मौसम की मार से सभी त्रस्त हैं। कोहरा के दौरान सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। ऐसे मौसम में सबसे बुरा हाल स्कूली बच्चों का है जो सुबह तैयार होकर घरों से स्कूल जाते हैं। समूचा जनपद सर्दी के सितम का शिकार है इसके बावजूद प्रशासन और समाजसेवी संस्थाओं ने असहाय और गरीब लोगों के प्रति राहत कार्य व्यापक पैमाने पर शुरू नहीं किए हैं।

बीते शनिवार को बरसात होने के पश्चात इस कदर मौसम ने करवट ली कि समूचा जनपद सर्दी की चपेट में आ गया जो अभी तक कंपकपा रहा है। गुरुवार की रात से ही कोहरा ने विकराल रूप धारण कर लिया इससे रात के साये में यातायात थम गया। हाइवे पर सड़क किनारे स्थित ढाबों पर वाहन कतारबद्ध खड़े हो गए। पीली लाइट वाले ही वाहन काफी धीमी गति से चले यह सिलसिला शुक्रवार को दोपहर तक बरकरार रहा। सुबह कोहरा में स्कूली वाहन भी काफी धीमी गति से चलाए गए। बच्चों का बुरा हाल था, कोहरा की मार से जनजीवन खासा प्रभावित था। बाजार भी देर से खुले। इसके अलावा जिन लोगों को मजबूरीवश जाना था वे ही लोग सड़कों पर निकले अन्यथा चारों ओर सन्नाटा सा ही छाया हुआ था।

ट्रेनों का संचालन प्रभावित

मौसम की मार से ट्रेनों का संचालन खासा प्रभावित है। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली स्वर्ण शताब्दी तीन घंटे की देरी से गई। दिल्ली की ओर जाने वाली मगध दस, पूर्वा 13, गोमती सात, महानंदा आठ, कालका, मुरी, एनई तीन-तीन घंटे की देरी से चल रही थी। कमोवेश अन्य ट्रेनों का भी बुरा हाल था। इससे यात्री खासे परेशान हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में बुरा हाल

बकेवर : बीते सप्ताह से जारी सर्दी से ग्रामीण क्षेत्र का बुरा हाल है। लखना-बकेवर के बाजार में सन्नाटा सा छाया हुआ है। लोग घरों से ही नहीं निकल रहे हैं। नौकरीपेशा और सरकारी कार्य के चलते आवागमन कर रहे हैं। यातायात का संचालन खासा प्रभावित है। बिजली की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है। सबसे ज्यादा मुसीबत पशुओं की हैं।

.............

बीते सप्ताह तापमान की स्थिति

दिन न्यूनतम अधिकतम

शनिवार 08 23 डिग्री

रविवार 11 20 डिग्री

सोमवार 10 21 डिग्री

मंगलवार 09 21 डिग्री

बुधवार 07 22 डिग्री

गुरुवार 06 21 डिग्री

शुक्रवार 07 24 डिग्री

chat bot
आपका साथी