गुजरात मॉडल धोखा, मोदी विनाशकारी

By Edited By: Publish:Sun, 20 Apr 2014 01:13 AM (IST) Updated:Sun, 20 Apr 2014 01:13 AM (IST)
गुजरात मॉडल धोखा, मोदी विनाशकारी

इटावा/ औरैया, जागरण संवाददाता : सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने गुजरात मॉडल को धोखा बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी विनाशकारी है। गोधरा व अहमदाबाद जाने पर हकीकत प्रकट होती है, मुस्लिमों का कत्लेआम कराने वाला कभी देश नहीं चला पायेगा। मोदी पीएम बने तो देश में कत्लेआम होगा। उन्होंने मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुलायम को सुधारने वाले खुद सुधर जाते हैं।

अपने गृह जनपद के नुमाइश मैदान में चुनावी सभा में उन्होंने महंगाई, मनमानी, तानाशाही और भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस और भाजपा को दोषी ठहराते हुए कहा कि संसद में सपा ने जनविरोधी नीतियों का सदैव विरोध किया। सपा को मुसलमानों का सच्चा हितैषी बताते हुए उन्होंने कहा कि बनारसी साड़ी हो या लखनऊ की चिकन, 80 फीसदी दस्तकारी मुसलमानों के हाथ में हैं। इसके बावजूद वे महंगाई और भ्रष्टाचार से ग्रस्त है। सपा मुसलमानों को विशेष सुविधाएं देगी। व्यापारियों का लुभाते हुए कहा कि किसानों की भांति इनका भी कर्जा माफ होगा, किसानों की सिंचाई मुफ्त तथा कर्ज होने पर उसकी भूमि नीलाम नहीं होने दी जायेगी। नौजवानों के लिए प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा मुफ्त कर दी है। नौकरी में सेवानिवृत्ति के लिए 60 की बजाए 65 साल की आयु निर्धारित की गई। सपा सरकार ने घोषणापत्र के सभी वायदे पूरे कर दिए हैं। उन्होंने इटावा की जनता को सम्मान का वास्ता देते हुए कहा कि पूरा इटावा हमारा परिवार है। यहां सपा प्रत्याशी की हार से इटावा के सम्मान को धक्का लगेगा, इसलिए अपने सम्मान और स्वाभिमान के लिए सपा को जिताएं। सभा को प्रत्याशी प्रेमदास कठेरिया, सदर विधायक रघुराज शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, आशीष राजपूत, अंशुल यादव, सपा जिला प्रवक्ता राजा छाबड़ा, अजय भदौरिया, मुकेश यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रंजीत राठौर, चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू, पूर्व सांसद रामसिंह शाक्य, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्रीकृष्ण यादव आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता नफीसुल हसन अंसारी व संचालन जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने किया।

औरैया में पुराने नुमाइश मैदान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले ही हथियार डाल दिए हैं, बीएसपी कहीं है नहीं, उनकी सीधी लड़ाई भाजपा से है। गुजरात मॉडल की खिल्ली उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि वहां 90 फीसद पुरुष, 89 फीसद महिलाएं मजदूरी करती हैं। 37 फीसद लोग गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं जिसमें 50 फीसद महिलाएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गोधरा में मुसलमानों का कत्लेआम कराया। यदि वह पीएम बन गए तो देश भर में कत्लेआम होंगे। सिर्फ समाजवादी ही बीजेपी को रोक सकते हैं। उन्होंने आजम खां पर पाबंदी लगाने को लेकर चुनाव आयोग पर भेदभाव का आरोप लगाकर कहा कि जब अमित शाह को छूट मिल सकती है तो आजम को क्यों नहीं। सपा सुप्रीमो ने कहा कि आजम ने कुछ गलत नहीं कहा। उन्होंने कहा कि दहेज उत्पीड़न, एससीएसटी एक्ट व दुष्कर्म से जुड़े कानून का सरकार आने पर दुरुपयोग रोकेंगे। इन मामलों में झूठी रिपोर्ट लिखाने वालों पर कार्रवाई का प्रावधान होगा। गरीबी लाइन के आंकड़े पर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया और कहा कि सपा सत्ता में आई तो शिक्षा, स्वास्थ्य मुफ्त उपलब्ध होगा और गंभीर बीमारी से किसी की मौत उपचार के अभाव में नहीं होने दी जाएगी। सपा मुखिया ने कहा कि जितनी अधिक सीटें होंगी दिल्ली में उतनी ही उन्हें मजबूती मिलेगी। विधायक प्रदीप यादव व मदन सिंह गौतम, दर्जा प्राप्त मंत्री रामबाबू यादव व भोला सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव, अवधेश भदौरिया, पूर्व विधायक रवींद्र सिंह चौहान आदि भी रहे।

chat bot
आपका साथी