जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में सपा सबसे आगे

शुरुआती रुझानों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र और उनके परिवार के सदस्यों ने बनाई बढ़त कुछ वार्डों में निर्दलियों का दबदबा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 04 May 2021 06:42 AM (IST) Updated:Tue, 04 May 2021 06:42 AM (IST)
जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में सपा सबसे आगे
जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में सपा सबसे आगे

जासं, एटा: जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव के लिए मिल रहे शुरुआती रुझानों में सपा का दबदबा दिखाई दे रहा है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव के परिवार के कई सदस्य विभिन्न वार्डों में आगे चल रहे हैं। देर शाम तक जिला पंचायत के किसी भी वार्ड का परिणाम घोषित नहीं किया गया था। देर शाम तक मिले रुझानों के मुताबिक 30 वार्डों में से नौ पर सपा, चार पर भाजपा आगे चल रही थी। मारहरा विकास खंड के वार्ड चार पर पूर्व विधायक सुधाकर वर्मा काफी पिछड़ रहे थे। वार्ड चार से जितेंद्र पाल बंटी सपा समर्थित आनंद पाल से 1450 वोटों से आगे चल रहे थे। वार्ड नंबर पांच से निर्दलीय प्रत्याशी पूनम यादव सपा समर्थित प्रत्याशी रूमा यादव से 2200 वोटों से आगे थीं। मारहरा विकास खंड के ही वार्ड छह में दो निर्दलियों के बीच कांटे की टक्कर चल रही थी। इस वार्ड से रेशमा देवी अपने प्रतिद्वंद्वी जितेंद्र फौजी से मात्र 130 वोट से आगे थीं। इस वार्ड के बारे में बताया गया है कि दोनों निर्दलीय प्रत्याशी के बीच बहुत कम अंतर से टक्कर हो रही है।

वहीं अलीगंज और जैथरा विकास खंडों के जिला पंचायत वार्डों में वार्ड 27 से सपा प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव, वार्ड 20 से सोनी यादव, वार्ड 21 से रेखा यादव, वार्ड 26 से विक्रांत यादव, वार्ड 23 से महेंद्र सिंह, वार्ड 28 से विनोद यादव, वार्ड 29 से प्रमोद यादव अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे थे, जबकि वार्ड 22 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी गीता देवी अपने प्रतिद्वंद्वी सपा उम्मीदवार को कांटे की टक्कर दे रही थीं। वे अपने प्रतिद्वंद्वी से आगे हैं। वार्ड संख्या 18 से विनोद यादव को 12592 वोट मिले चुके थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मुक्ति 4308 वोट लेकर भारी अंतर से पिछड़ रही थीं। इस वार्ड में देर शाम तक 18278 वोटों की गिनती हो चुकी थी। इसी तरह वार्ड संख्या 19 में विनीता देवी 6709 वोट लेकर अपनी प्रतिद्वंद्वी अंजू उर्फ मंजू से आगे चल रही थीं। अंजू को 5457 वोट मिल चुके थे, इस वार्ड में भी दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है।

जिला पंचायत के अंतिम वार्ड 30 में रूबी कुमारी 4127 वोट लेकर अपनी प्रतिद्वंद्वी खुशबू से आगे थीं। खुशबू को 2581 वोट मिल चुके थे। वार्ड संख्या 17 में सुखवेंद्र को 8642 तथा अवनींद्र कुमार को 2592 वोट मिल चुके थे। इस तरह से सुखवेंद्र ने अपने प्रतिद्वंद्वी से काफी अंतर बना लिया है। जलेसर के वार्ड 10 में भाजपा के गजेंद्र धनगर को 4195 वोट मिले थे, जबकि साधना सिंह 3734 वोट लेकर दूसरे नंबर पर थीं। वार्ड 11 में बसपा के मुकेश यादव 7853 वोट लेकर सपा प्रत्याशी वीरेश यादव से आगे थे, जबकि भाजपा के निरंजन सिंह को 3942 वोट मिल चुके थे। वार्ड 12 में सपा समर्थित अमरलता 4530 वोट लेकर भाजपा की संगीता सिंह से आगे थीं। संगीता को 4160 वोट मिल चुके थे। इसी तरह से कई और वार्डों में कांटे की टक्कर हो रही है। वोटों की गिनती जारी थी।

chat bot
आपका साथी