रविवार को रवि ने बिखेरी चमक, मिली राहत

रविवार का मौसम लोगों के लिए कुछ राहत भरा रहा। सुबह कुछ देर

By JagranEdited By: Publish:Sun, 22 Dec 2019 10:43 PM (IST) Updated:Mon, 23 Dec 2019 06:06 AM (IST)
रविवार को रवि ने बिखेरी चमक, मिली राहत
रविवार को रवि ने बिखेरी चमक, मिली राहत

एटा, जागरण संवाददाता: रविवार का मौसम लोगों के लिए कुछ राहत भरा रहा। सुबह कुछ देर से निकली धूप असरदार थी और शाम तक लगातार बनी रही। जिसके चलते लोगों को ठिठुरन से काफी हद तक निजात मिली। हालांकि सुबह और शाम को गलन बरकरार रही। सुबह के समय हल्का कोहरा रहा और शीतलहर भी चली। जबकि शाम को सूर्य अस्त होने के बाद अचानक से ठंड बढ़ी। दिन का न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई दिनों से ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। बरसात के बाद जहां कुछ दिन धूप नहीं निकली तो पिछले दो-तीन दिनों से निकल रही धूप बेअसर बनी हुई थी। रविवार की सुबह भी भीषण ठंड के साथ शुरू हुई। हल्का कोहरा छाया हुआ था और शीतलहर भी चल रही थी। जिसके चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल था। सुबह 7 बजे आसमान में चमक दिखाई दी, लगा कि धूप जल्दी निकलेगी। लेकिन बादलों के असर से सूर्यदेव 10 बजे के बाद ही निकल सके। राहत की बात यह रही कि धूप सुबह से ही असरदार थी। जिसके चलते लोगों को गरमाहट महसूस हो रही थी। दोपहर तक यह धूप और बढ़ी तो लोगों को ठिठुरन से निजात मिलती महसूस हुई। शाम तक मौसम राहत भरा रहा। लेकिन शाम को धूप जाने के बाद से फिर ठंड ने हमला बोल दिया और लोग जल्द ही घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

बाजारों में रही रौनक

--------

एक तो रविवार को अवकाश का दिन, उस पर अच्छी खिली धूप के चलते संडे लोगों के लिए फनडे बना। धूप निकलने के बाद जहां बच्चे पार्कों, खुले स्थानों पर खेलकूद और मस्ती करते नजर आए। वहीं, खरीदारी करने वालों की भीड़भाड़ बाजारों में शाम तक देखी गई। सड़कों पर भी अच्छी चहल-पहल नजर आई।

chat bot
आपका साथी