सपा से गठबंधन कर सकते हैं विलय नहीं: शिवपाल

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है

By JagranEdited By: Publish:Wed, 02 Oct 2019 10:57 PM (IST) Updated:Sat, 05 Oct 2019 08:13 AM (IST)
सपा से गठबंधन कर सकते हैं विलय नहीं: शिवपाल
सपा से गठबंधन कर सकते हैं विलय नहीं: शिवपाल

एटा, जागरण संवाददाता: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भविष्य में समाजवादी पार्टी से गठबंधन तो किया जा सकता है, लेकिन प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का विलय नहीं करेंगे। सपा से अलग होने को लेकर उन्होंने कहा कि कभी यह नहीं चाहा था कि विघटन की स्थिति बने, लेकिन हालातों को देखते हुए ही नई पार्टी का गठन किया।

यहां प्रसपा के जिलाध्यक्ष रामकिशोर यादव के निवास पर पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कई बार उन्होंने यही चाहा कि सपा में विघटन की स्थिति न बने। कुछ षड़यंत्रकारी लोगों के कारण ही पार्टी में विघटन हुआ और नेताजी मुलायम सिंह यादव की कोई बात नहीं मानी गई। इसी का परिणाम था कि विधानसभा चुनावों में उन्हें पार्टी बनाकर उम्मीदवार उतारने पड़े। इससे नुकसान सपा और प्रसपा दोनों का हुआ। भविष्य में समझौता होने की बात पर उन्होंने दो टूक कहा कि प्रसपा का सपा में विलय नहीं होगा, गठबंधन हो सकता है। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर लक्ष्य तय कर लिया गया है। इसीलिए पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया गया है। हर जगह पार्टी मजबूत हो रही है।

अयोध्या में राममंदिर निर्माण के मामले में उन्होंने यही कहा कि सभी को न्यायालय का आदेश मानना चाहिए। प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में लूट, बलात्कार, भ्रष्टाचार की घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं। इससे सरकार निपटने में नाकाम हो रही है। पेट्रोल, डीजल के दाम आसमान पर है। उन्होंने किसानों को वायदा किया था कि लाभकारी मूल्य देंगे, वह कभी नही दे पाये। योगी सरकार सब झूठे वादे करके सरकार चला रही है। किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। सरकार में किसान, व्यापारी एवं आम नागरिक सभी परेशान है। इस दौरान प्रसपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी