पुलिया टूटने से हांफा शहर का यातायात

जागरण संवाददाता, एटा: शहर में ठंडी सड़क की पुलिया टूटने से शहर का यातायात हांफता रहा। वर्षो पुरानी इस

By Edited By: Publish:Sun, 21 Dec 2014 07:02 PM (IST) Updated:Sun, 21 Dec 2014 07:02 PM (IST)
पुलिया टूटने से हांफा शहर का यातायात

जागरण संवाददाता, एटा: शहर में ठंडी सड़क की पुलिया टूटने से शहर का यातायात हांफता रहा। वर्षो पुरानी इस पुलिया के अंदर बाधा आने से नए निर्माण के लिए इसे ध्वस्त कराया गया है।

शहर के कई इलाकों को ठंडी सड़क सीधे जीटी रोड से जोड़ती है। इस सड़क से होकर कटरा मुहल्ला, पुरानी बस्ती, पीपल अड्डा, मेहता पार्क क्षेत्र आदि के वाशिंदे जीटी रोड पहुंचते हैं। वहीं गंजडुंडवारा, सहावर, अमांपुर के लिए भी रोडवेज की बसें और निजी वाहन यहीं से होकर गुजरते हैं। शनिवार दोपहर के समय पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन के जरिए पुलिया को तोड़ दिया। बताया गया कि पुलिया लगभग डेढ़ दशक पहले बनी थी और इससे उचित ढंग से पानी नहीं निकल पा रहा था। जिसके चलते महाराणा प्रताप नगर और परशुराम नगर में जलभराव रहता था। इस समस्या के समाधान के लिए यहां नयी पुलिया बनाई जानी है।

बहरहाल पुलिया टूटते ही शहर का यातायात बुरी तरह लड़खड़ा गया। आने-जाने वाले लोगों को गंतव्यों तक पहुंचने के लिए लंबे रास्तों के चक्कर काटने पड़े। साइकिल, मोटरसाइकिल सहित कारों के भी पहिए उन गलियों में घूम गए, जो दोनों रास्तों को मिलाती हैं। जिसके चलते संकरी गलियों में भी जाम जैसे हालात बने रहे। उधर, पुलिया टूटने के बाद मुस्लिम समाज की चिंता भी बढ़ गई। जनवरी के पहले सप्ताह में ईद मीलादुन्नवी का जुलूस शहर में निकाला जाएगा, जिसमें यह रूट शामिल है। नगर पालिका एटा के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिया निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पर्व से पहले बनाकर इसे संचालित करा दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी