पोस्ट ग्रेजुएट ही नहीं निरक्षर भी चलाएंगे जिला पंचायत

-भागलपुर मध्य वार्ड संख्या 33 से निरक्षर को 4

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 11:04 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 11:04 PM (IST)
पोस्ट ग्रेजुएट ही नहीं निरक्षर भी चलाएंगे जिला पंचायत
पोस्ट ग्रेजुएट ही नहीं निरक्षर भी चलाएंगे जिला पंचायत

देवरिया: जिले की सबसे बड़ी पंचायत (जिला पंचायत) की नई कमेटी के लिए निर्वाचित नुमाइंदों में चार ऐसे भी लोग निर्वाचित हुए हैं, जिनकी पढ़ाई शून्य यानी वह निरक्षर हैं, लेकिन जनता ने उन्हें अपने क्षेत्र का नुमाइंदा चुनने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। दूसरी तरफ 10 पोस्ट ग्रेजुएट तथा 18 ग्रेजुएट जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं।

इसके अलावा प्राइमरी पास चार एवं छह हाईस्कूल व 15 सदस्यों की शिक्षा सिर्फ इंटरमीडिएट है। इन नुमाइंदों के जरिये जिले में विकास की योजनाओं को गति दी जाएगी। उधर 22 वार्डों में आधी आबादी नेतृत्व कर विकास कार्यों को गति देने में भूमिका निभाएंगी।

जिले की महत्वपूर्ण व चर्चित सीट वार्ड संख्या 26 भलुअनी पश्चिमी मध्य से निरक्षर कलक्टर शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष सिंह को पराजित किया। उन्हें क्षेत्र के 21.4 फीसद मतदाताओं ने पसंद किया और उन्हें जिला पंचायत सदस्य की कुर्सी पर बैठा दिया। दूसरी बार काउंटिग भी हुई, लेकिन दूसरी बार भी वह विजयी रहे। दूसरी निरक्षर सदस्य भागलपुर मध्य वार्ड संख्या 33 से कुसुम देवी को क्षेत्र के 48.39 फीसद मतदाताओं ने वोट दिया। कुसुम पहली बार सदस्य निर्वाचित हुई हैं। इसी तरह बनकटा मध्य वार्ड संख्या 47 से जमीला तथा भटनी पूर्वी वार्ड संख्या 49 से शिवकुमारी भी निरक्षर हैं। यह भी विकास कार्यों को गति देने में अपनी भूमिका निभाएंगी।

हालांकि जिला पंचायत में अधिकतर पढ़े लिखे प्रत्याशियों को जनता ने पसंद किया और उन्हें अपने क्षेत्र का जनप्रतिनिधि चुना। इसमें 18 प्रत्याशी स्नातक तथा 10 प्रत्याशी परास्नातक की डिग्री वाले हैं। जिनके भरोसे जिला पंचायत की बोर्ड में विकास कार्यों को जहां पंख लगेंगे, वहीं नए सोच के साथ विकास कार्य होंगे।

पथरदेवा दक्षिणी वार्ड संख्या तीन से कमला देवी जो प्राइमरी पास हैं, उनको मतदाताओं ने 15480 यानी 55.39 फीसद वोट देकर जिले में सबसे अधिक मत पाने का रिकार्ड कायम करने का अवसर दिया। दूसरी तरफ वार्ड संख्या 32 भागलपुर उत्तरी से ऋषिकपूर को सिर्फ 10.86 फीसद मत मिला और सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

chat bot
आपका साथी