श्रद्धांजलि का बहाना, 2019 का बुना तानाबाना

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सलेमपुर के बापू इंटर कालेज के मैदान में अपने संबोधन के जरिए पूर्व सांसद हरिकेवल प्रसाद को श्रद्धांजलि देने के बहाने 2019 का तानाबाना बुन गए।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 Sep 2018 11:22 PM (IST) Updated:Sat, 15 Sep 2018 11:22 PM (IST)
श्रद्धांजलि का बहाना, 2019 का बुना तानाबाना
श्रद्धांजलि का बहाना, 2019 का बुना तानाबाना

देवरिया: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सलेमपुर के बापू इंटर कालेज के मैदान में अपने संबोधन के जरिए पूर्व सांसद हरिकेवल प्रसाद को श्रद्धांजलि देने के बहाने 2019 का तानाबाना बुन गए। उन्होंने प्रधानमंत्री को विश्व का सबसे ताकतवर नेता बताने के साथ ही कहा कि खुशहाली और विकास का कमल देश की जनता ने खिलाया था, हम जनता की उम्मीदों पर विकास कार्यों की बदौलत खरा उतरे हैं। जनता भाजपा के साथ है, एक बार फिर कमल को खिलने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कुशवाहा समाज के साथ ही सभी जाति वर्ग को सम्मान देने और उनके विकास करने की बात कह अपने आप से जनता को जोड़ा। कहा कि भाजपा जाति-पाति में विश्वास नहीं करती, भाजपा बड़ी सोच के साथ राष्ट्रहित में विकास की बात करती हैं। उन्होंने कहा कि यूपी से 51 फीसद वोट प्राप्त कर नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ हम कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बारी-बारी से विकास योजनाओं को गिनाया और बताया कि चार वर्ष में देश के प्रधानमंत्री ने जो विकास कार्य किया है वह 60 सालों में भी नहीं हुआ। विरोधी ताकत के साथ लगे हैं सभी एक मंच पर हैं, लेकिन जनता की ताकत एक बार फिर भाजपा के पक्ष में हैं। सभा में मौजूद महिलाओं से अपने आप को जोड़ा कहा कि मोदी जी गरीब मां के बेटे हैं गरीबी का दर्द जानते हैं, गरीबी में जो उनकी मां ने कष्ट सहे वह किसी और मां को नहीं सहने देंगे इस संकल्प के साथ कार्य किया और पूरे देश के गरीब माताओं के लिए उज्ज्वला योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने वर्ष 2019 में खुशहाली व विकास का कमल खिलाने के लिए जनता का सहयोग मांगा। उन्होंने कहा दलित, पिछडे़ और अगड़े तीनों भाजपा के साथ हैं। जनता से अपील करते हुए कहा कि सलेमपुर में फिर से कमल खिलाइए, मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाइए। एससी-एसटी एक्ट को लेकर विरोध कर रहे सवर्ण समाज को भी भाजपा के साथ होने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं होते तो पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन नहीं हो पाता। 2019 में भाजपा की सरकार बनवाने के संकल्प के साथ कार्य करने की अपील करते हुए जय श्री राम के जयघोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

chat bot
आपका साथी