रोमानिया की माइला बोलीं थैंक्स इंडियन पोलिस

राजकीय रेलवे पुलिस और आरपीएफ के जवानों की मुस्तैदी ने रोमानिया की महिला यात्री माइला आर्सेनी का दिल जीत लिया। शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन बदलने के दौरान एक उचक्के ने विदेशी महिला के बैग पर झपट्टा मारा और सरपट भागने लगा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 Dec 2018 09:30 PM (IST) Updated:Sat, 08 Dec 2018 11:17 PM (IST)
रोमानिया की माइला बोलीं थैंक्स इंडियन पोलिस
रोमानिया की माइला बोलीं थैंक्स इंडियन पोलिस

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर, (चंदौली) : राजकीय रेलवे पुलिस और आरपीएफ के जवानों की मुस्तैदी ने रोमानिया की महिला यात्री माइला आर्सेनी का दिल जीत लिया। शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन बदलने के दौरान एक उचक्के ने विदेशी महिला के बैग पर झपट्टा मारा और सरपट भागने लगा। महिला के हेल्प.हेल्प चिल्लाने पर जीआरपी और आरपीएफ इंटेलिजेंस के जवानों का ध्यान उचक्के पर गया। तत्परता दिखाते हुए भाग रहे चोर को दबोच लिया गया। बैग मिलने के बाद गदगद माइला बोलीं थैंक्स इंडियन पोलिस और अपने गंतव्य को रवाना हो गईं।

रोमानिया की 62 वर्षीय महिला यात्री माइला आर्सेनी शनिवार को ट्रेन से दिल्ली डीडीयू जंक्शन पहुंचीं। गया जाने के लिए पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंचीं। फोन पर बात कर रहीं थीं तभी मौका ताड़ एक उचक्का उनका बैग लेकर भागने लगा। घटना से हतप्रभ महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी। प्लेटफार्म पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ इंटेलिजेंस के जवानों को जानकारी हुई तो मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर चोर को पकड़ लिया। महिला यात्री को सकुशल उसका बैग वापस कर दिया गया। जवानों की तेजी विदेशी महिला को कायल कर गई। उन्होंने टीम को धन्यवाद दिया और प्रशंसा की। जवानों ने महिला को सम्मान के साथ गया जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाया। खाकी के इस कार्य की काफी चर्चा रही। अन्य यात्रियों ने भी सराहना की। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बीएन मिश्रा और जीआरपी एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि टीम का कार्य सराहनीय रहा। चोर का विभिन्न धाराओं में चालान कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी