आपसी विवाद में चली गोली, बालक घायल

थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में बुधवार की शाम दो पक्षों में कहासुनी के बाद गोली चल गई। इससे आठ वर्षीय बालक घायल हो गया। बालक के दाहिने पैर में गोली लगी है। परिजनों ने 10

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Jan 2020 08:41 PM (IST) Updated:Wed, 01 Jan 2020 08:41 PM (IST)
आपसी विवाद में चली गोली, बालक घायल
आपसी विवाद में चली गोली, बालक घायल

जासं, इलिया (चंदौली) : थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में बुधवार की शाम दो पक्षों में कहासुनी के बाद गोली चल गई। इससे आठ वर्षीय बालक घायल हो गया। बालक के दाहिने पैर में गोली लगी है। परिजनों ने 108 नंबर एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गोली चलने से गांव में तनाव व्याप्त हो गया है। एएसपी वीरेंद्र यादव ने गांव पहुंचकर घटना के बाबत जानकारी ली। सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स तैनात कर दी गई है।

ग्राम प्रधान रेनू सिंह के देवर शैलेश सिंह बुधवार की शाम गांव में किराना की दुकान पर सामान खरीदने गए थे। वहां पहले से मौजूद हरिवंश सिंह के पुत्र भानु सिंह एवं चंद्रशेखर सिंह के पुत्र बंटी सिंह से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बीच शैलेश सिंह ने गुस्से में आकर तमंचा से गोली चला दी। दुर्भाग्यवश गोली दुकान पर मौजूद विवेक कुमार सिंह के आठ वर्षीय किशन के पैर में लग गई। बालक छटपटाने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आननफानन परिजनों ने 108 नंबर एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी। एंबुलेंस से बालक को अस्पताल पहुंचाया गया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस महकमा भी हरकत में आ गया।

एएसपी नक्सल दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के बाबत जानकारी ली। हालांकि पुलिस के बयान के अनुसार मामला संदेहास्पद लग रहा है। थानाध्यक्ष रामउजागिर ने बताया कि शैलेश सिंह ने खुद फोनकर गोली चलने की घटना से अवगत कराया। शैलेश सिंह ने पुलिस को बताया कि गोली दुकान पर मौजूद किसी दूसरे व्यक्ति ने चलाया, जबकि उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है, जबकि घायल किशन के पिता विवेक कुमार सिंह का कहना है कि शैलेश सिंह ने ही गोली चलाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर हकीकत जानने में लगी हुई है।

chat bot
आपका साथी