पुलिस प्रशासन पर भारी डग्गामारी

नगर सहित आसपास क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन पर भारी पड़ रही डग्गामारी। इन दिनों डग्गामार ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Oct 2018 06:24 PM (IST) Updated:Fri, 05 Oct 2018 06:24 PM (IST)
पुलिस प्रशासन पर भारी डग्गामारी
पुलिस प्रशासन पर भारी डग्गामारी

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : नगर सहित आसपास क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन पर भारी पड़ रही डग्गामारी। इन दिनों डग्गामार ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। इन पर न तो स्थानीय पुलिस की नजर पड़ती है और न ही ट्रैफिक पुलिस की। पकड़े जाने पर इन वाहनों के चालक सुविधा शुल्क देकर निकल जाते हैं। अक्सर ये वाहन दुर्घटना का कारण भी बनते हैं।

पुलिस प्रशासन द्वारा डग्गामार वाहनों के खिलाफ समय-समय पर अभियान तो चलाया जाता है, पर इसका व्यापक असर नहीं दिखता। क्षेत्र में धड़ल्ले से डग्गामार वाहन चल रहे हैं और इन पर सवारियां व सामान ढोने का क्रम जारी है। इन वाहनों के कारण जहां पर्यावरण प्रदूषित होता है वहीं ये वाहन दुर्घटना का भी कारण बनते रहते हैं। छोटे मालवाहक व सवारी वाहनों पर क्षमता से अधिक सामान लादकर इतने खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हैं कि आसपास चलने वाले लोग भयभीत हो जाते हैं। रास्ते में कहीं भी गढ्डा या ईंट आदि पड़ने पर ये वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं और सड़क पर जाम लग जाता है। सवारी लादने वाले वाहन भी क्षमता से अधिक लोगों को लादकर फर्राटे से वाहन दौड़ाते रहते हैं। ये वाहन भी अक्सर दुर्घटनाग्रस्त होते हैं और इन पर बैठी सवारियां घायल होती रहती हैं।प्रशासन चाह ले तो इन वाहनों का संचालन बंद हो सकता है लेकिन प्रशासन इस ओर कड़े कदम नहीं उठाता। आरोप है सारा खेल पुलिस को दिए जाने वाली सुविधा शुल्क से चल रहा है।

--------

'समय समय पर इन डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इस पर अब तक पूर्ण रूप से प्रतिबंध नहीं लग सका है। फिर भी प्रयास किया जा रहा है कि ऐसे वाहनों के संचालन पर पूरी तरह रोक लग सके। वैसे सभी लोगों को नियम से चलने के लिए जागरूक भी किया जाएगा।

राजकुमार, टीएसआइ

chat bot
आपका साथी