श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी

गंगा दशहरा पर रविवार को सैकड़ों आस्थावानों ने बलु

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 09:05 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 09:05 PM (IST)
श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी
श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी

जागरण संवाददाता, टांडाकला (चंदौली) : गंगा दशहरा पर रविवार को सैकड़ों आस्थावानों ने बलुआ गंगा घाट पर आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान घाट पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। वहीं भिखारियों को दान देकर पुण्य कमाया। सुरक्षा के मद्देनजर गंगा घाट पर पुलिस व गोताखोरों की टीम तैनात रही।

गंगा दशहरा पर स्नान व दान का विशेष महत्व है इसलिए लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। रविवार की भोर से ही बलुआ गंगा घाट पर श्रद्धालु जुटने लगे। सैकड़ों की संख्या में आस्थावानों ने मां भागीरथी की अविरल धारा में डुबकी लगाई। वहीं विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर घर-परिवार की सुख-समृद्धि और महामारी से निजात दिलाने की कामना की। लोगों ने भिखारियों को यथा शक्ति दान भी दिया। मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन सूर्योदय से पहले स्नान-दान करने से सभी पाप धुल जाते हैं। वहीं ईश्वरीय कृपा का फल मिलता है इसलिए लोगों में पहले से ही जिज्ञासा थी। खराब मौसम भी आस्था को डिगा नहीं सका। लोग सुबह से ही पहुंचने लगे थे। हालांकि घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हादसे की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की टीम तैनात रही, वहीं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

गत वर्षों की तुलना में रही कम भीड़

गंगा दशहरा पर इस बार हर साल की तुलना में कम भीड़ रही। कोरोना संक्रमण को देखते हुए बहुत से लोग गंगा स्नान के लिए नहीं आए। गत वर्षों में गंगा तट पर हजारों का रेला उमड़ता था। भोर से शुरू हुए स्नान का सिलसिला देर शाम तक चलता था। रविवार को भीड़ भले ही कम रही, लेकिन बलुआ बाजार में चहल-पहल दिखी। लोगों ने स्नान-दान के बाद जलपान किया इसलिए मिठाई और चाट-पकौड़ी की दुकानों पर भीड़ दिखी।

chat bot
आपका साथी