जिला पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में अब मैदान में तीन प्रत्याशी

जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए जोड़-तोड़ का दौर पिछले कई दिनों से जारी है। गुरुवार को नाम वापसी के दिन तीन प्रत्याशियों ने मैदान छोड़ दिया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Jul 2019 11:14 PM (IST) Updated:Thu, 25 Jul 2019 11:14 PM (IST)
जिला पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में अब मैदान में तीन प्रत्याशी
जिला पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में अब मैदान में तीन प्रत्याशी

बुलंदशहर: जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए जोड़-तोड़ का दौर पिछले कई दिनों से जारी है। गुरुवार को नाम वापसी के दिन तीन प्रत्याशियों ने मैदान छोड़ दिया। इसके बाद अब मैदान में तीन प्रत्याशियों के रह जाने से त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं। हालांकि मुकाबला दो मुख्य प्रत्याशियों के बीच ही माना जा रहा है। ऐसे में नाम वापसी के बाद जिपं अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर साफ होने के बाद सभी महारथी मुकाबले को अपने पक्ष में करने की जुगत में जुट गए हैं।

पिछले काफी समय से जिला पंचायत के अध्यक्ष पद को लेकर घमासान मचा है। राजनीतिक उठापटक के बीच पूर्व में दो जिला पंचायत अध्यक्षों की कुर्सी जा चुकी है। अब फिर से अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी है। 29 जुलाई को मतदान होना है। गुरुवार को नाम वापसी के दिन राजनीतिक दलों की नजर नाम वापस लेने और मैदान में डटे प्रत्याशियों पर लगी रही। दोपहर के समय पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आशा यादव, हरेंद्र यादव के साथ धर्म सिंह ने भी अपना नाम वापस ले लिया। तीन प्रत्याशियों का नाम वापस लेने के बाद अब मैदान में तीन प्रत्याशी रह गए हैं। इसमें मुख्य रूप से महेंद्र भैया, ओमवीर सिंह और रेनू के बीच मुकाबला तय माना जा रहा है। उधर, जिस तरह से अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों ने खुद को दावेदार के रूप में प्रस्तुत कर नामांकन किया था, अब नाम वापसी के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए बिछी बिसात की तस्वीर भी साफ होने लगी है। राजनीति गलियारों में चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। उधर, चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों को लेकर भाजपा की खामोशी भी मुकाबले के रोमांच को बढ़ा रही है।

29 जुलाई को होगा शक्ति परीक्षण

चुनाव की आहट होते ही जिला पंचायत के कुल 53 सदस्य बेहद खास हो गए हैं। अब नाम वापसी के बाद मुख्य प्रत्याशियों ने सदस्यों को अपने पाले में लाने की चाल चलने शुरू कर दी है। इसमें पार्टी का भी अंदरखाने पूरा सहयोग लिया जा रहा है। 29 जुलाई को होने वाले चुनाव के परिणाम को अपने पक्ष में करने की हर संभव कोशिश की जा रही है।

इन्होंने कहा..

जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले तीन प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया है, अब तीन मैदान में है। 29 जुलाई को होने वाले चुनाव की तैयारी जिला प्रशासन ने पूर्ण कर ली है।

- रविद्र कुमार, एडीएम प्रशासन

chat bot
आपका साथी