नवरात्र व रमजान में आसमान छू रहे फलों के दाम
कोरोना काल के बीच नवरात्र के साथ ही रमजान भी चल रहे हैं। जहां हिदू नवरात्र का व्रत रख रहे हैं वहीं मुस्लिम समुदाय के लोग रमजान भी रख रहे हैं। रोजा भी चल रहा है। इन दिनों दोनों समुदायों के लोग फलों की खूब खरीदारी कर रहे हैं। फलों की मांग अधिक होने एवं आपूर्ति में कमी आने के कारण फलों के दाम आसमान छू रहे हैं।
जेएनएन, बिजनौर। कोरोना काल के बीच नवरात्र के साथ ही रमजान भी चल रहे हैं। जहां, हिदू नवरात्र का व्रत रख रहे हैं, वहीं मुस्लिम समुदाय के लोग रमजान भी रख रहे हैं। रोजा भी चल रहा है। इन दिनों दोनों समुदायों के लोग फलों की खूब खरीदारी कर रहे हैं। फलों की मांग अधिक होने एवं आपूर्ति में कमी आने के कारण फलों के दाम आसमान छू रहे हैं।
कोरोना काल में चिकित्सकों की सलाह है कि मसालेदारयुक्त खाद्य पदार्थों का सेवन कम से कम करें। इसके विपरीत लोग इम्युनिटी बढ़ाने वाले भोजन का सेवन कर रहे हैं। नवरात्र और रमजान होने के कारण लोग अधिक मात्रा में फलों का सेवन भी कर रहे हैं। मांग के अनुरूप फलों की आपूर्ति कम होने के कारण फलों के दामों में तेजी आ गई है। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए लोग सबसे अधिक नींबू का सेवन कर रहे हैं।
तीन गुना हुए नींबू के दाम
इन दिनों नवरात्र एवं रमजान होने के कारण बाजार में फलों की खूब बिक्री हो रही है। सबसे अधिक बिक्री नींबू की हो रही है। कुछ दिनों पहले 50 रुपये प्रति किलो ग्राम बेचे जा रहे नींबू के दाम वर्तमान में 160 रुपये किलोग्राम हो गये हैं। बावजूद इसके नींबू की बिक्री में तेजी आई है।
बाजार में उपलब्ध है खजूर की विभिन्न वैरायटी
कुछ वर्षो पूर्व तक खजूर केवल रमजान से कुछ दिन पूर्व ही नजर आती थी। ईरान व ईराक से आने वाली खजूर रमजान के बाद गायब हो जाती थी, लेकिन अब पूरे वर्ष खजूर बेची जा रही है। बाजार में वर्तमान में खजूर दो सौ से लेकर पांच सौ तक बेची जा रही है। लोग अपनी-अपनी पसंद के अनुसार खजूर की खूब खरीदारी भी कर रहे हैं।
फिजिशियन डा. राधेश्याम वर्मा बताते हैं कि लंबे समय तक खाली पेट न रहें। समय-समय पर कुछ न कुछ अवश्य खाते रहें। नींबू, संतरा व अनानास आदि का सेवन करें। आम व कीनू भी लाभदायक है। इसके अलावा तरबूज व खरबूजे में पानी की मात्रा अधिक होने के कारण इनका प्रयोग करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। रोजेदार रखे खानपान का ध्यान
चिकित्सकों का कहना है कि मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखते हैं, जो लोग रोजा रख रहे हैं उन्हें भी अपने खानपान पर ध्यान देना चाहिए। वह दिनभर भूखे रहते हैं। पानी तक का भी सेवन नहीं करते। ऐसी स्थिति में रोजा इफ्तार एवं सहरी के दौरान अधिक तेज मसालेदार भोजन के स्थान पर फलों एवं सूखे मेवों का प्रयोग करना चाहिए। खरबूजा व तरबूज के साथ ही नींबू एवं संतरे का सेवन करें। ताकि पानी की कमी न हो साथ ही इम्युनिटी भी बरकरार रहे।