अकीदत के साथ निकाला गया दुलदुल का जुलूस

माहे मोहर्रम की आठवीं तारीख

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Aug 2022 08:25 PM (IST) Updated:Sun, 07 Aug 2022 08:25 PM (IST)
अकीदत के साथ निकाला गया दुलदुल का जुलूस
अकीदत के साथ निकाला गया दुलदुल का जुलूस

अकीदत के साथ निकाला गया दुलदुल का जुलूस

-दुलदुल घोड़े को खिलाया गया दूध जलेबी, मांगी गई मन्नत

-अखाड़ेदारों ने प्रस्तुत किया लकड़ी कला का अद्भुत नमूना

जागरण संवाददाता, भदोही : माहे मोहर्रम की आठवीं तारीख रविवार को मोहल्ला जमुंद से दुलदुल का जुलूस निकाला गया जो पारंपरिक मार्गों से होते हुए देर शाम तकिया कल्लन शाह पहुंचा। जहां बडी संख्या में इंतजार कर रहे अकीदतमंदों ने दुलदुल घोड़े को दूध जलेबी खिलाकर करबला की ओर रवाना किया। मेनरोड, अजीमुल्लाह चौराहा होते हुए जुलूस करबला पहुंचा। जुलूस में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। देर रात करबला में फूल दफन करने के बाद समापन हो गया।

दुलदुल का जुलूस अखतर खां के जमुंद मोहल्ला स्थित आवास से दोपहर दो बजे निकला। इस दौरान या हुसैन व नार-ए-तकबीर की सदाओं के साथ जुलूस आगे बढ़ता गया। मोहल्ला गोरियाना' पंचभैया, मलिकाना होते हुए एमए समद इंटर कालेज के पास पहुंचा। उसके बाद सोनराना, कुरैश मोहल्ला, कजियाना होते हुए देर शाम तकिया कल्लन शाह स्थित मेन रोड पर पहुंचा। इससे पहले सफेद दुलदुल घोड़े को खूब सजाया संवारा गया था। जुलूस में हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। युवकों की टोली ढ़ोल-ताशा बजा रहे थे तो वहीं लोग मर्सिया व नौहा पढ़ते हुए चल रहे थे। दुलदुल घोड़े को दूध व जलेबी खिलाने के लिए व नीबू को लेने के लिए महिलाओं में होड़ मची रही। भारी भीड़ घरों के दरवाजे व छतों पर रही। महिलाओं ने दुलदुल के पहुंचने के बाद दूध व जलेबी खिलाया व नीबू लेकर मन्नतें मांगी। जिनकी मन्नतें पूरी हो गई थी उन्होंने चादर और चांदी के पंजे चढ़ाए। उधर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। एसडीएम चंद्रशेखर, क्षेत्राधिकारी अजय कुमार चौहान जहां अजीमुल्लाह के चौराहे पर डटे रहे वहीं नायब तहसीलदार नितिन कुमार, प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस बल के साथ जुलूस के संग चलते रहे। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई थी। इस मौके पर विधायक जाहिद बेग, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आरिफ सिद्दीकी, शाहनवाज खां, इमरान खां, सलीम खां, फैसल खां, इरफान खां आदि थे।

chat bot
आपका साथी