करवा चौथ का पर्व आज, बाजारों में उमड़ी भीड़
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) सुहाग की रक्षा व पति की दीर्घायु की कामना का पर्व करवा
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही): सुहाग की रक्षा व पति की दीर्घायु की कामना का पर्व करवा चौथ रविवार को मनाया जाएगा। पूर्व संध्या पर शनिवार को नगर से लेकर गांव तक में महिलाएं तैयारी करने में जुटी रहीं। पूजन व श्रृंगार सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाओं की नगर व बाजारों में भीड़ लगी रही। जिससे बाजारों में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।
पति की दीर्घायु व सुख-सौभाग्य के लिए सुहागिन महिलाएं करवाचौथ का व्रत रखती हैं। इस दिन सभी व्रती महिलाएं सुबह से देर शाम तक निराजल व्रत रखकर सुहाग की सलामती की कामना करती हैं। शाम को सोलह श्रृंगार कर महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती हैं। चांद निकलने के बाद विधि-विधान से पूजन कर पति की आरती उतारती हैं। तत्पश्चात चलनी में चांद के साथ पति का चेहरा देख उनके दीर्घायु की कामना की जाती है। पति पत्नी को अपने हाथों से पानी पिलाकर व्रत पूर्ण कराता है। करवा चौथ व्रत पर पूजा के लिए करवा, चलनी के अलावा पूजन की अन्य सामग्री की सजी दुकानों पर खरीदारी के लिए पूरे दिन व देर शाम तक महिलाओं की भीड़ लगी रही।