एक मंडप, परिणय सूत्र में बंधे 225 जोड़े

जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) बेहद अद्वितीय और अविष्मरणीय पल आकर्षक ढंग से सजा विभूति

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Dec 2021 06:03 PM (IST) Updated:Sat, 11 Dec 2021 06:03 PM (IST)
एक मंडप, परिणय सूत्र में बंधे 225 जोड़े
एक मंडप, परिणय सूत्र में बंधे 225 जोड़े

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : बेहद अद्वितीय और अविष्मरणीय पल, आकर्षक ढंग से सजा विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज के मैदान पर स्थित मंडप। एक ओर वैदिक मंत्रों की गूंज तो दूसरी तरफ से सुनाई पड़ती कुरान की आयतें।

शहनाई की निकलती सुमधुर धुन के बीच अग्नि की साक्षी मानकर जहां 225 जोड़ों (वर-वधुओं) ने एक दूसरे को जीवन साथी के रूप में वरण कर साथ जीने -मरने की कसमें खाई तो कुरान की आयतें पढ़ चार जोड़ों ने निकाहनामे को कबूल किया। मौका था शनिवार को संपन्न मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह-निकाह के आयोजन का।

जैसे ही विवाह व निकाह की रस्में संपन्न हुई, गणमान्य अतिथियों ने बतौर अभिभावक सभी को आशीर्वाद व मुबारकबाद दी। मुख्य अतिथि सांसद रमेशचंद बिद, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, भदोही रविद्रनाथ त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, सीडीओ भानुप्रताप सिंह सहित समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव व अन्य अतिथियों ने वर वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय भविष्य की कामना की। सांसद ने कहा कि शासन ने यह योजना गरीब परिवारों को राहत देने के लिए संचालित की है। सरकार ने उनकी बेटियों की शादी को अपनी जिम्मेदारी समझी है।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, सुनील कुमार मिश्र, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अजय कुमार सिंह, अल्पसंख्यक विभाग से अकरम परवेज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी थे। संचालन राकेश कुमार सिंह ने किया।

-------

दावत व शहनाई का रहा इंतजाम

- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह-निकाह समारोह के आयोजन में दावत का भी इंतजाम किया गया था। अलग पंडाल में दूल्हा-दुल्हन सहित उनके साथ आए परिजनों व रिश्तेदारों को जलपान कराया गया। इसके साथ ही किसी के मन में यह कसक न रह जाय कि उनकी शादी में बाजे नहीं बजें शहनाई व बैंड पार्टी का भी इंतजाम किया गया था।

--------

विदाई की बेला भर आई आंखे

- सामूहिक रूप से संपन्न हुए विवाह व निकाह के पश्चात जब दुल्हनों के विदाई की बेला आई तो सभी की आंखें भर आई। बाबुल का साथ छोड़ पिया के घर की ओर रवाना होने लगी बेटियों की जब रुलाई फूटी तो समारोह में मौजूद कोई भी व्यक्ति अपने आपको रोक नहीं पाया। सभी की आंखों से आंसू टपक उठे।

chat bot
आपका साथी